लो फेयर कॉस्ट में हवाई सफर करने वालों को टिकट कैंसिल कराना अब महंगा पड़ेगा। एयरलाइंस के नए आदेशों में सस्ते टिकट पर ज्यादा रिफंड काटने की बात कही गई है।
जेट एयरलाइंस ने इसकी कवायद शुरू भी कर दी है। टिकट कैंसिल कराने पर अधिकतम दो हजार रुपये तक काटे जाएंगे। वहीं, बिजनेस क्लास में टिकट रिफंड कराने वाले यात्रियों की जेब पर नाममात्र का बोझ बढ़ेगा।
मंगलवार को मुंबई हेड ऑफिस से सभी एयरपोर्ट स्थित जेट के कार्यालयों और अधिकृत एजेंटों को इस संबंध में मेल भेजकर सूचना दी गई।
एयरलाइंस के मुताबिक यह नियम तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। अब अन्य एयरलाइंस भी इसे लागू करने की तैयारी में हैं। माना जा रहा है कि इसी माह कुछ एयरलाइंस अपने टिकट के निरस्तीकरण पर ज्यादा चार्ज वसूलना शुरू कर देंगी।
एजेंटों की मानें तो सभी एयरलाइंस धीरे-धीरे इस नियम को लागू करने लगेंगी। कुल मिलाकर यात्रियों की जेब पर ही डाका पड़ेगा।
जेट एयरलाइंस अपर इकोनॉमी क्लास पर दो हजार रुपये जबकि प्रीमियम क्लास पर एक हजार रुपये रिफंड काटेगा। इसी तरह बिजनेस क्लास पर 250 रुपये के स्थान पर 500 रुपये काटे जाएंगे।
साल 2012 तक टिकट कैंसिल करवाने पर अपर इकोनॉमी क्लास पर 1050 रुपये और प्रीमियम क्लास पर 750 रुपये काटे जाते थे।
इधर, लखनऊ के एजेंटों ने अपने नियमित ग्राहकों को भी इसकी जानकारी देनी शुरू कर दी है जिससे उनके सामने अचानक दिक्कत न आए।
गौरतलब है कि निजी क्षेत्र में जेट एयरवेज का ही दबदबा है। जेट एयरवेज लखनऊ में जेट लाइट व जेट कनेक्ट के नाम से अपनी उड़ानें संचालित करता है। सबसे ज्यादा यात्रियों की तादाद भी उसी के पास है।