यूं तो कई लोग एक अप्रैल को अपने साथियों को बेवकूफ बनाने के हजार बहाने सोचते हैं। लेकिन एक लड़की को अप्रैल फूल पर प्रेगनेंसी का जोक इतना महंगा पड़ गया कि उसे जेल की हवा खानी पड़ी।
फॉक्स न्यूज के मुताबिक ओकलाहोमा में वेगोनेर काउंटी में डेट के दौरान 18 साल की टोरी व्हीलर ने अपने प्रेमी डेरेक बाउर को बेवकूफ बनाने के प्रयास में उसे घायल कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक रोमांटिक डेट के दौरान टोरी ने डेरेक को बताया कि वो प्रेगनेंट है। हालांकि टोरी मजाक कर रही थी लेकिन डेरेक ने इसे सच समझा और वो उग्र हो उठा। वो प्रेगनेंसी को लेकर टोरी से लड़ने लगा। इस बीच टोरी भी गुस्से में आ गई और दोनों के बीच गरमागरम बहस होने लगी।
झगड़े के दौरान टोरी ने पर्स से चाकू निकाल कर डेरेक को धमकाया। हालांकि टोरी का कहना है कि ये भी मजाक का ही एक हिस्सा था। डेरेक ने कहा कि वो पुलिस को बुला रहा है।
पुलिस का कहना है कि डेरेक की धमकी के बाद ही टोरी गंभीर हो गई और डेरेक को पुलिस के पास जाने से रोकने लगी। इसी हाथापाई में चाकू डेरेक की गर्दन पर जा लगा। डेरेक का कहना है कि इसी हाथापाई में टोरी ने उसकी कलाई पर दांतों से काट लिया।
पुलिस ने टोरी को चाकू रखने और हमला करने के आरोप में हिरासत में लिया है जबकि अस्पताल में दाखिल डेरेक की गर्दन पर सात टांके लगे हैं।