सामान बेचने के लिए मंच उपलब्ध कराने वाली जानीमानी वेबसाइट ओएलएक्स का स्लोगन है 'सब कुछ बिकता है', इसे सच करने के लिए किसी ने वेबसाइट पर सेल के लिए एक लड़की का ही विज्ञापन दे दिया।
टीओआई के मुताबिक वेबसाइट पर 26 अक्तूबर को किसी ने एक विज्ञापन डाला, जिसमें एक 22 साल की युवती की तस्वीर डाल उसकी कीमत 2000 रुपए रखी गई थी। साथ ही संपर्क के लिए एक फोन नंबर भी दिया गया था।
विज्ञापन में लिखा था, '22 साल की लड़की-कोलकाता, मैं सोमन बरूई हूं और लड़की का एजेंट हूं। अगर आप इस लड़की में रुचि रखते हैं तो इस नंबर पर संपर्क करें। कृप्या फर्जी फोन न करें।'
जब बरूई को फोन किया गया तो और भी चौंकाने वाली बात सामने आई। पहले तो बरूई बहुत गुस्सा हुए और नंबर को गलत बताया। पर जब उन्हें बताया गया कि फोन करने वाला डील में रुचि नहीं रखता तो वह शांत हुए।
बरूई से किया मजाक
बरूई ने बताया कि इस विज्ञापन के चलते उनके पास कई फोन आ चुके हैं जबकि उन्होंने ये विज्ञापन डाला ही नहीं। लोग उन्हें फोन कर रहे हैं और किसी लड़की के बारे में पूछ रहे हैं। पहले तो उन्हें कुछ समझ नहीं आया लेकिन जब इंटरनेट पर देखा तो पता चला की किसी ने उनके साथ मजाक किया है।
बरूई ने कहा कि वह नहीं जानते कि कौन उन्हें इस मुसीबत में डालना चाहता था। उन्होंने बिजापुर पुलिस थाने में मामले की शिकायत दर्ज करा दी है।
ओएलएक्स से संपर्क करने पर पता चला की उन्हें ऐसे किसी विज्ञापन की जानकारी ही नहीं है। कंपनी के कंटरी मैनेजर अमरजीत बत्रा से जब इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने पहले वेबसाइट देखी और फिर यह विज्ञापन हटवाया गया।
बत्रा का कहना है कि ओएलएक्स सोशल नेटवर्किंग साइट्स की तरह ही एक फ्री पोर्टल है जिस पर बिना किसी जांच के विज्ञापन अपलोड होता है। विज्ञापन अपलोड होने के बाद ही उन पर नजर रखी जाती है। ऐसे में कई बार गलत उद्देश्यों के लिए भी इसका इस्तेमाल हो जाता है।