महाराष्ट्र के ठाणे जिले में चीनी व्यंजन की दुकान पर काम करने वाले 18 वर्षीय एक युवक की कथित तौर पर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक अज्ञात लोगों ने 18 साल के युवक का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी।
विठ्ठलवाड़ी पुलिस थाने के एक अधिकारी ने कहा कि मृतक की पहचान भरत परिहार के रूप में हुई है। उसका शव सोमवार सुबह नेवाली गांव के पास मिला। उन्होंने कहा कि रविवार की रात उल्हासनगर के चिंचपाड़ा इलाके में एक आदमी और उसके दो साथी उसे स्कूटी चोरी करने के आरोप में उठाकर ले गए थे।
उन्होंने कहा कि परिहार ठेले पर नहीं लौटा और सोमवार को गांव में उसका शव मिला। अधिकारी ने कहा कि पीड़ित के साथ काम करने वाले लोग उसे ले जाने वालों को पहचान नहीं पाए। उन्होंने कहा कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 364 के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।