बुधवार देर शाम थाना छाता के गांव दौताना में यूपी, हरियाणा व राजस्थान में आतंक का पर्याय बने साहून और उसके गैंग से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दोनों से ओर से हुई आमने-सामने की फायरिंग में थाना छाता पर तैनात एचसीपी (हेड कांस्टेबिल प्रोन्नत) महेश बाबू छर्रे लगने से घायल हो गए। उनके घायल होने के बाद बदमाश फायरिंग करते हुए स्कार्पियो से फरार हो गए।
पुलिस बदमाशों की तलाश में कांबिंग कर रही हैं। साहून पर करीब एक लाख का इनाम बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि हरियाणा पुलिस की दो गाड़ियां साहून का पीछा कर रही थी। इसकी सूचना पर थाना छाता पुलिस ने भी घेराबंदी करते हुए गांव दौताना में चेकिंग करनी शुरू कर दी। इसी दौरान एक स्कार्पियो में सवार बदमाशों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की और पुलिस कंट्रोल को सूचना देकर फोर्स मांगी। इस दौरान बदमाशों की फायरिंग में महेश बाबू घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। सीओ छाता पीयूष कुमार यादव एवं कोतवाली प्रभारी छाता और अन्य थानों का फोर्स जब तक यहां पहुंचा, तब तक बदमाश स्कार्पियो लेकर फरार हो गए। फरार हुए बदमाशों साहून भी बताया जा रहा है।