एम्स और सफदरजंग के बीच करीब एक किलोमीटर लंबी टनल, सफदरजंग के इमरजेंसी और सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक, एम्स ट्रॉमा सेंटर में मरीजों के लिए धर्मशाला और नेशनल सेंटर फॉर एजिंग। दिल्ली मेट्रो ने करीब 32 करोड़ की लागत से टनल बनाई है। सफदरजंग के दोनों ब्लॉक पर सरकार ने करीब 1,431 करोड़ रुपये खर्च किए। पावर ग्रिड के सहयोग से ट्रॉमा सेंटर में मरीजों के लिए 300 बिस्तर वाली धर्मशाला तैयार की गई है।
नवंबर-दिसंबर तक तैयार होगा नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट
स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने बताया कि नवंबर-दिसंबर, 2018 तक देश को पहला नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट मिल जाएगा। झज्जर में बने इस इंस्टीट्यूट का उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे। इसी दौरान एम्स में चार छात्रावास, 100 करोड़ की लागत से 200 बिस्तर वाला सर्जिकल ब्लॉक, 380 करोड़ की लागत से तैयार मातृ व शिशु ब्लॉक भी शुरू किया जाएगा। एम्स में बन रहे 8 मंजिल वाले नए ओपीडी ब्लॉक की हर मंजिल पर 1000 मरीजों के बैठने की व्यवस्था होगी। यहां 500 डॉक्टरों के कक्ष होंगे। एम्स में आयुष उपचार भी मिलेगा। डॉक्टरों को कानूनन क्रॉसपैथी का अधिकार मिलेगा।
आंकड़ों में उलझ गए पीएम
मोदी से आंकड़ों में चूक भी हुई। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले लाल किले से उन्होंने सक्षम लोगों से गैस सब्सिडी छोड़ने की अपील की थी। इसके बाद देश के सवा सौ करोड़ परिवारों ने गैस सब्सिडी छोड़ दी। तीन बार यह बात दोहराते हुए उन्होंने कहा कि देश में 25 करोड़ परिवार हैं। इनमें सवा सौ करोड़ परिवारों ने सब्सिडी छोड़ दी। वहीं, 42 लाख वरिष्ठ नागरिकों ने स्वेच्छा से रेलवे किराये में मिलने वाली छूट को छोड़ा।