तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि वह राज्य में आर्थिक नाकेबंदी के मुद्दे को संसद में उठाएगी। यहां पार्टी के उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे तृणमूल कांग्रेस उपाध्यक्ष मुकुल राय ने कहा कि अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद सरकार के गठन में उनकी पार्टी निर्णायक भूमिका निभाएगी। तृणमूल कांग्रेस राज्य की 60 में से 24 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
राय ने दावा किया कि इस बार किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिलेगा। ऐसे में सरकार के गठन में तृणमूल की भूमिका अहम होगी। उन्होंने यहां कम से कम 10 सीटें जीतने का दावा किया। वैसे, बीते विधानसभा चुनावों में भी सात विधायकों के साथ तृणमूल कांग्रेस प्रमुख विपक्षी पार्टी के तौर पर उभरी थी।
लेकिन बाद में वे सातों विधायक कांग्रेस व भाजपा में शामिल हो गए। यहां आयोजित एक कार्यक्रम में नई बनी स्थानीय मैतेयी नेशनलिस्ट पार्टी (एमनीपी) का औपचारिक तौर पर तृणमूल कांग्रेस में विलय हो गया। उन्होंने वोटरों से कथित रूप से आम लोगों को बेवकूफ बनाने वाली भाजपा और कांग्रेस को राज्य से उखाड़ फेंकने की अपील की।