कोलकाता के पुलिस आयुक्त राजीव कुमार ने भाजपा के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ अवमानना का मामला दर्ज कराया है। विजयवर्गीय ने पुलिस आयुक्त पर शारदा चिटफंड घोटाले से संबंधित सबूतों को नष्ट करने का आरोप लगाया था। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की करीबी समझे जाने वाले 1989 बैच के आईपीएस अधिकारी कुमार ने महानगर की सत्र अदालत में शुक्रवार को मामला दर्ज कराया।
अब इस ताजा मामले से ममता बनर्जी सरकार और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के संबंधों में कड़वाहट बढ़ने का अंदेशा है। अदालत ने इस मामले में भाजपा नेता को सात मार्च को अपने समक्ष पेश होने का निर्देश दिया है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा के पर्यवेक्षक विजयवर्गीय ने बीते महीने कुमार पर शारदा चिटफंड घोटाले से संबंधित सबूतों को नष्ट करने का आरोप लगाते हुए कहा था कि वे सीबीआई से कुमार की भूमिका की जांच करने की मांग करेंगे। रोज वैली घोटाले में तृणमूल कांग्रेस सांसद सुदीप बनर्जी की गिरफ्तारी और उसके बाद तृणमूल कांग्रेस व भाजपा समर्थकों के बीच हुई झड़पों के बाद विजयवर्गीय ने उक्त टिप्पणी की थी। विभिन्न चिट फंड घोटालों में तृणमूल कांग्रेस के मंत्रियों व नेताओं की मिलीभगत के आरोपों से जहां राज्य सरकार सांसत में है, वहीं भाजपा इसका सियासी फायदा उठाने का प्रयास कर रही है।