इंटरसिटी एक्सप्रेस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के कारण यात्रियों में इतना भय पैदा हो गया कि वह चलती ट्रेन से ही छलांग लगाने लगे। घटना मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के हरपालपुर स्टेशन के पास की है।
यह ट्रेन खजुराहो से उदयपुर जा रही थी। ट्रेन में आग लगते ही डिब्बों में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। घटना के कारण झांसी-मानिकपुर रेल मार्ग ठप्प हो गया है। रेलवे अधिकारी और रेलवे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। जहां वह आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।
फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है। वहीं ट्रेन को भी लगभग ढाई घंटे बाद रवाना कर दिया गया है। बता दें कि खजुराहो से चलकर उदयपुर तक जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन शनिवार सुबह लगभग 11 बजे महोबा से निकली थी। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि जहां तक उम्मीद है वायरिंग की समस्या के चलते आग लगी होगी।