मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। सीएम ने ट्वीट कर इसकी जानकारी लोगों के साथ साझा की। साथ ही संपर्क में आए लोगों से एकांतवास में जाने का अनुरोध किया।
वहीं, सीएम चौहान के संक्रमित होने पर कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने तंज कसा है। दिग्विजय ने कहा कि आपको सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखना था। ऐसा नहीं करने पर भोपाल पुलिस ने मुझपर तो एफआईआर दर्ज की थी, लेकिन आप पर कैसे करते।
ईश्वर आपको शीघ्र स्वस्थ करें: दिग्विजय सिंह
सीएम शिवराज के कोरोना पॉजिटिव होने के ट्वीट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने लिखा, 'दुख है शिवराज जी आप कोरोना संक्रमित पाए गए। ईश्वर आपको शीघ्र स्वस्थ करें। आपको सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखना था जो आपने नहीं रखा। मुझ पर तो भोपाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली थी आप पर कैसे करते। आगे अपना ख्याल रखें।'
जून में हुई थी दिग्विजय पर एफआईआर
दरअसल, जून में पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों को लेकर देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध-प्रदर्शन किए जा रहे थे। इसी कड़ी में, राजधानी भोपाल में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ एक विरोध-प्रदर्शन में हिस्सा लिया था।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस का सिंधिया पर तंज, अरुण यादव ने ज्योतिरादित्य की तस्वीर साझा कर नागपंचमी की दी बधाई
उस दौरान भोपाल पुलिस ने दिग्विजय सिंह के खिलाफ सामाजिक दूरी का पालन नहीं करने को लेकर उन पर एफआईआर दर्ज की थी। वहीं, अब सीएम के कोरोना पॉजिटिव होने पर दिग्विजय ने उसी एफआईआर का जिक्र किया है।
मैंने हर संभव प्रयास किए, लेकिन संक्रमित हो गया: शिवराज सिंह
बता दें कि, मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर कहा, 'मेरे प्रिय प्रदेशवासियों, मुझे कोविड-19 के लक्षण आ रहे थे, टेस्ट के बाद मेरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी सभी साथियों से अपील है कि जो भी मेरे संपर्क में आए हैं, वह अपना कोरोना टेस्ट करवा लें। मेरे निकट संपर्क वाले लोग क्वारंटीन में चले जाएं।'
उन्होंने कहा, 'मैं कोरोना गाइडलाइन का पूरा पालन कर रहा हूं। डॉक्टर की सलाह के अनुसार स्वयं को क्वारंटीन करूंगा और इलाज कराऊंगा। मेरी प्रदेश की जनता से अपील है कि सावधानी रखें, जरा सी असावधानी कोरोना को निमंत्रण देती है।'
शिवराज ने कहा, 'मैंने कोरोना से सावधान रहने के हर संभव प्रयास किए लेकिन समस्याओं को लेकर के लोग मिलते ही थे। मेरी उन सब को सलाह है कि जो मुझसे मिले वह अपना टेस्ट करवा लें।' सीएम ने कहा, 'कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं है। कोरोना का समय पर इलाज होता है तो कोरोना बिल्कुल ठीक हो जाता है।'