यूपी के मेरठ में शादीशुदा महिला के प्यार में पागल एक अधेड़ ने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। महिला की बहन पर भी चाकू से हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चाकू भी बरामद कर लिया। जबकि अस्पताल में घायल महिला की हालत नाजुक बनी हुई है।
लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के तारापुरी मोहल्ले में अल्ताफ के मकान में फुरकान बीवी शाजिया (28), बेटी अलीशा (7), बेटे हैदर (3) के साथ रहता था। फुरकान की साली बुशरा (25), साढू शाहिद और उनके दो बच्चे अदनान (4) और हैदर (2) भी इसी मकान में रहते थे।
फुरकान सब्जी बेचता है, जबकि शाहिद रिक्शा चलाता है। फुरकान का आरोप है कि अल्ताफ की उसकी बीवी पर बुरी नजर थी। इस कारण करीब डेढ़ महीने पहले वह अल्ताफ का मकान खाली करके दूसरी जगह रहने लगा।
अल्ताफ शाजिया को बहलाकर फिर से इसी मकान में ले आया। इसके बाद भी अल्ताफ की हरकतें जारी रहीं। इस कारण वह फिर से दूसरी जगह मकान तलाश रहा था। बुधवार को अल्ताफ घर में घुस आया और जबरन शाजिया को ले जाने की कोशिश की।
साली बुशरा ने विरोध किया तो अल्ताफ ने बुशरा पर चाकू से हमला कर दिया। बचाव में आई शाजिया को भी चाकू से गोद डाला और फरार हो गया। सूचना पर लिसाड़ी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
यहां शाजिया की मौत हो गई, जबकि बुशरा की हालत चिंताजनक बनी हुई थी। शाजिया के चेहरे, गर्दन समेत पूरे शरीर पर घाव थे, जबकि बुशरा के शरीर के निचले हिस्से पर अधिकतर जख्म हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। फुरकान का कहना है कि भागते समय अल्ताफ के हाथ में कैंची थी, जबकि चाकू उसने वहीं फेंक दिया था।