थाने से शराब की पेटियां ले उड़े चोर
- फोटो : demo pic
इस वारदात से गुजरात पुलिस की लापरवाही उजागर हुई है। गुजरात के करजन पुलिस थाने से 2 चोर करीब 20 शराब की पेटियां चुरा ले गए। इन पेटियों में 240 शराब बोतलें थीं। इनमें भारत में बनी विदेशी शराब थी जो पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी के दौरान जब्त की थी।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक वारदात को करजन पुलिस थाने के कम्पाउंड स्थित पुराने घरों से अंजाम दिया गया। करीब दो महीने के दौरान जब्त की गई शराब को पुलिस की नाक के नीचे से चोर ले उड़े और किसी को भनक तक नहीं लगी।
पुलिस के मुताबिक बीते गुरुवार को आधी रात के वक्त राजेश बरिया और सुनील पटेल नाम के बदमाशों ने चोरी की। बदमाशों ने किचन का दरवाजा खोला और इतने शातिराना ढंग से पुलिस की नाक के नीचे से शराब की पेटियों को ले उड़े और किसी को अगली सुबह तक इस बात का पता ही नहीं चला।
हालांकि शुक्रवार को दोनों बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया और चोरी की गई शराब पेटियां भी बरामद कर लीं।
सूत्रों के मुताबिक दोनों बदमाशों में से एक बरिया की बीवी करजन थाने में ही बतौर कम्प्यूटर ऑपरेटर काम करती है। तीन महीने पहले उसका गांधीनगर से ट्रांसफर हुआ था। गांधी नगर में बरिया की बीवी रेपिड रिस्पॉन्स सेल में बतौर सिपाही काम करती थी। बरिया की बीवी दूसरे बदमाश सुनील की भी रिश्तेदार बताई जाती है।
हालांकि पुलिस वालों ने इस वारदात में बरिया की बीवी की मिलिभगत से इन्कार किया है। सूत्रों के मुताबिक बरिया गिरफ्तारी के वक्त अपनी बीवी से खूब झगड़ा था।