उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर शहर में सोमवार सुबह जन-समस्याओं के बीच लोगों से रू-ब-रू हो रहे भाजपा विधायक के साथ अजीबो-गरीब वाकया हुआ। तीन युवक काम के बहाने भाजपा विधायक कपिलदेव अग्रवाल के घर पहुंचे और उनकी आंखों में मिर्च डालकर भाग गए।
मिर्ची डालने के बाद वहां मौजूद लोगों ने तीनों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग निकलने में कामयाब रहे। अभी तक तीनों के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया है, उन्होंने यह हरकत क्यों की, इसका भी खुलासा नहीं हो पाया है।
विधायक को नहीं लग पाई जरा भी भनक
बताते चलें कि गांधी कालोनी स्थित आवास पर शहर सीट से भाजपा विधायक कपिलदेव अग्रवाल जन-समस्याएं सुन रहे थे, वहां काफी संख्या में लोग मौजूद थे। इसी बीच तीन युवक भी वहां पहुंचे और उन्होंने कुछ देर विधायक से बात की। विधायक को जरा भी अंदाजा नहीं था कि उनके साथ क्या होने वाला है। इस बीच एक युवक ने अचानक मिर्च पाउडर निकाला और विधायक की आंखों में डाल दिया।
मिर्च आंखों में पड़ते ही तेज जलन के कारण विधायक की चीख निकल गई। शोर सुनकर वहां मौजूद लोगों ने जैसे ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया, वैसे ही तीनों आरोपी फरार हो गए।
इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में किया भर्ती
इसके बाद लोगों ने फौरन भाजपा विधायक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उनका उपचार किया। विधायक की आंखों में मिर्च डाले जाने की खबर मिलते ही उनके समर्थक और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचने लगे, इसके चलते अस्पताल में भी लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक भाजपा विधायक से पार्टी में शाामिल होने को लेकर चर्चा कर रहे थ्ाे। उधर, अभी उनके मकसद का पता नहीं चल पाया है। यह भी बताया जा रहा है कि एक युवक को विधायक जानते हैं। हालांकि, इसकी कोई पुष्टि नहीं हो पाई है।
विधायक से मिलने पहुुंचे जिलाधिकारी
विधायक पर हमले की खबर इलाके में फैल गई है और लोगों में इस बात की खासी नाराजगी देखी जा रही है। जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह व बाकी अधिकारी भी विधायक देखने के लिए अस्पताल पहुंचे हैं।
इतना ही नहीं भारी संख्या में भी लोग अस्पताल पहुंच गए हैं। हालांकि, विधायक की तबीयत में पहले से सुधार बताया जा रहा है।