सदर के बुंदू कटरा स्थित होटल सिप्पी में सोमवार सुबह ब्यूटीशियन सोनम को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश की गई। इसका आरोप उसके संदीप नाम के दोस्त पर है। उसने सोनम को मिलने के लिए बुलाया और वहां दोनों में झगड़ा हुआ।
इस बीच हालात इतने बिगड़ गए कि आरोपी ने पीड़िता पर केरोसिन डालकर आग लगी दी।
पुलिस ने सोनम को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया, जहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। संदीप गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके हाथ भी झुलसे हुए हैं। रोहता, सदर निवासी सोनम (18) इटौरा स्थित पार्लर पर ब्यूटीशियन के रूप में सेवाएं देती है। इटौरा के ही संदीप से उसकी कई साल पहले दोस्ती हुई थी।
बताया गया कि संदीप ने उसे सोमवार सुबह 8:30 बजे बुंदू कटरा स्थित होटल बुलाया था। पहली मंजिल के कमरा नंबर 103 में दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ। संदीप ने प्लास्टिक की बोतल में लाया मिट्टी का तेल उस पर डाल दिया और आग लगा दी। इसके बाद होटल से भाग निकला। सोनम की चीखपुकार सुनकर होटल कर्मचारी आ गए। उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी।