चोटी कटने की वारदातों से संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आखिरकार नया कदम उठाना शुरू कर दिया है। इसकी पहल आज संभल से हो गई।
घर में महिला की चोटी कटने की सूचना देने वालों को ही पुलिस ने दबोचना शुरू कर दिया है। शुरुआत, यूपी के संभल से हुई है। यहां बहजोई थाना अंतर्गत के एक गांव में बच्ची की कथित तौर पर चोटी कटने की सूचना देने वाले बच्ची के चाचा और ताउ के खिलाफ अफवाह फैलाने का मुकदमा दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है ।
बहजोई के थाना प्रभारी ब्रज मोहन गिरी ने बताया कि कल जेरोई हयातनगर गांव में पुष्पा की चोटी कटने की जानकारी मिली । इस मामले में अफवाह फैलाने के आरोप में लड़की के चाचा भिकन और ताउ नंद किशोर के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी शंकर छवि ने कहा कि यदि कोई जिले में इस तरह की गलत अफवाह फैलाएगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।