सैन्यकर्मी का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। जब मामले में पुलिस सैन्यकर्मी को ले जाने लगी तो उसने आंव देखा न तांव पुलिसवालों को ही पीट दिया और वर्दी फाड़ दी।
जानकारी के अनुसार बूचड़ी फाटक निवासी एक सैन्यकर्मी का पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। पत्नी का आरोप था कि पति नशे में धुत्त होकर मारपीट करता है।
पत्नी ने इसकी शिकायत कोतवाली पुलिस को की। इसके बाद दो चीता पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया। पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिसकर्मी आरोपी सैन्यकर्मी को लेकर सिविल लाइंस कोतवाली आने लगे। इस दौरान लालकुर्ती के पास ही सैन्यकर्मी ने हंगामा खड़ा कर दिया।
आरोप है कि बाइक से उतरते ही उसने पुलिसकर्मियों से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद एक पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी। पुलिसकर्मियों की सूचना पर सिविल लाइंस कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी प्रवीन कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद उसे कोतवाली लाया गया। कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी के अनुसार पूछताछ के बाद आरोपी सैन्यकर्मी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।