फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पिटाई से बचने के लिए नदी में कूदकर जुआरी ने दी जान, गुस्साए लोगों ने सिपाही को पीटा

Sat, 12 Aug 2017 01:16 AM IST
amarujala.com, Presented by: शाहरुख खान
विज्ञापन
फाइल
विज्ञापन
शाहजहांपुर के चौक कोतवाली क्षेत्र में गर्रा नदी पुल के नीचे शुक्रवार दोपहर जुआ खेल रहे लोग चीता मोबाइल टीम के  पहुंचने पर भाग खडे़ हुए। आरोप है कि इस दौरान सिपाही ने एक युवक को दौड़ाकर पकड़ लिया और उसके सिर पर डंडा मार दिया। पिटाई से बचने के लिए युवक ने नदी में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने जब तक उसे निकाला तब तक उसकी मौत हो गई। 
विज्ञापन


घटना से गुस्साए लोगों ने आरोपी सिपाही को पकड़ कर उसकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सिपाही को छुड़ाने का प्रयास किया तो भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इससे भगदड़ मच गई। युवक के घरवालों ने सिपाही और होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर राजघाट चौकी के पास शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।

सूचना पर पहुंचे सीओ सुमित शुक्ला ने समझा-बुझाकर शव जिला अस्पताल भिजवाया और जाम खुलवाया। मृतक की पत्नी नगमा की तहरीर पर आरोपी सिपाही और होमगार्ड के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। 
विज्ञापन


चौकी राजघाट के निकट गर्रा नदी पुल के पास कुछ लोगों के जुआ खेलने की सूचना मिलने पर शुक्रवार दोपहर चीता मोबाइल टीम के सिपाही ओमकार और होमगार्ड रामबाबू वहां पहुंचे थे। बताते हैं कि पुलिस को देखकर जुआरी भागने लगे। आरोप है कि भागते वक्त 35 वर्षीय तारिक खां उर्फ पप्पू के सिर पर सिपाही ने डंडा मार दिया।

इससे डरकर उसने नदी में छलांग लगा दी। लोगों ने नदी में उसकी तलाश की तो कुछ देर बाद खून दिखाई दिया। लोग नाव से गोताखोरों को लेकर मौके पर पहुंचे और तारिक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। लोगों का गुस्सा देखकर होमगार्ड तुरंत ही खिसक लिया था। 

घटना का पता चलने के बाद सदर इंस्पेक्टर डीसी शर्मा और बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने ही भीड़ से घिरे सिपाही को बचाया। फिर सीओ ने समझा बुझाकर शव गाड़ी में रखवाकर जिला अस्पताल भेजा। एसपी केबी सिंह और एएसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें