कॉल सेंटर ठगी मामले में एक बुजुर्ग अमेरिकी महिला की मौत की बात सामने आई है। महिला को कॉल सेंटर के एक कर्मचारी ने धमकी दी थी जिससे उसे गहरा सदमा पहुंचा था। ठाणे पुलिस आयुक्त परम बीर सिंह ने बताया है कि जब्त कॉल रिकॉर्ड से जांच टीम को यह जानकारी मिली है। अमेरिकी महिला ने कॉल सेंटर के कर्मचारी की मांगों को पूरा करने से इनकार कर दिया था।
सिंह ने कहा, ‘धमकी दिए जाने के बाद उस अज्ञात अमेरिकी महिला को दौरा पड़ा था। बाद में उसकी मौत हो गई।
कॉल रिकॉर्ड की जांच में यह सामने आया है कि अमेरिकी महिला की मौत के बाद उसके बेटे ने कॉलर को गालियां दी थीं। अभी यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कॉल कहां से की गई थी। इसके बाद कॉल सेंटर के उस कर्मचारी से पूछताछ की जाएगी। कर्मचारी पर आईपीसी के सेक्शन 304 के तहत एडिशनल चार्जेज भी लगाए जा सकते हैं।