उत्तर प्रदेश में बरेली के थाना इज्जतनगर के एक गांव में पड़ोस के ही दो दबंग लड़के किशोरी को घर से उठाकर ले गए और खंडहर में उसके साथ गैंगरेप किया। अगले दिन आरोपियों ने घर में अकेला पाकर किशोरी का गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। हालत नाजुक होने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
किशोरी के पिता ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी, लेकिन अभी तक कोई आरोपी पकड़ में नहीं आया। घटना रविवार की रात करीब एक बजे की है। किशोरी के पिता ने बताया कि वह आंगन में सोया हुआ था। उनकी 14 वर्षीय बेटी कमरे में सो रही थी।
गांव के ही असलम ठेकेदार का बेटा शाहरुख और उसका दोस्त नसरुद्दीन उर्फ नन्हे उनके घर में घुस आए। वे असलाह के बल पर उनकी बेटी को घर से उठाकर पड़ोस के खंडहर में ले गए। दोनों ने बेटी को धमकाकर गैंगरेप किया। पड़ोस में ही उनके साढू का घर है। वह बिजली न होने के कारण छत पर सो रहे थे। उन्होंने छत से आवाज दी तो गैंगरेप के आरोपी किशोरी को जान से मारने की धमकी देते हुए उसे छोड़कर भाग गए।