चेन्नई के एक शख्स को वीडियो में महिलाओं के कपड़े पहनने की वजह से जब परेशान किया गया तो उसने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। यह घटना बुधवार की है। वह अपने म्यूजिक वीडियो में ज्यादातर महिलाओं के वेश में नजर आता था। शख्स की पहचान कनिकापुरम के व्यासारपाडी के रहने वाले 24 साल के वी कलाईयारासन के तौर पर हुई है। वह टिकटॉक एप के जरिए अपनी वीडियो जारी किया करता था।
पुलिस और उन लोगों के अनुसार जो उसे जानते थे, परिवार, दोस्त, परिचितों के अलावा उसके
फॉलोवर्स तक ने उसे तंग करना शुरू कर दिया था। जिसकी वजह से उसने खुद को मारने का निर्णय लिया। मामले की जांच कर रहे पुलिस वाले ने बताया, 'जब हमें कलाईयारासन का शव मिला तो हमें पता चला कि उसका स्मार्टफोन गायब है। परिवार और दोस्तों से मिली जानकारी के अनुसार शख्स काफी तनाव में था क्योंकि एप में उसके फॉलोवर्स उसे महिलाओं के कपड़ों में वीडियो जारी करने की वजह से परेशान कर रहे थे। बहुत से फॉलोवर्स ने उसे ट्रांसजेंडर और नपुंसक तक कहा था।'
कलाईयारासन की पड़ोसी के विमला ने बताया कि शख्स तीखी आलोचना की वजह से काफी परेशान था। पुलिस का कहना है कि उसे उसके परिवार के सदस्य भी महिलाओं के कपड़ों में
वीडियो जारी करने की वजह से डांटा करते थे। पुलिस अधिकारी ने कहा, 'एप पर उसके वीडियो देखने के बाद, बहुत से लोग जो उसे जानते थे उन्होंने उसके परिवार को इसकी जानकारी दी। इसी वजह से परिवार की तरफ से भी उसपर दबाव था।'
अपने आखिरी वीडियो में कलाईयारासन ने कहा, 'मैं उन चीजों को करुंगा जिन्हें मैं चाहता हूं। जो लोग मुझे परेशान कर रहे हैं मैं उनके सामने घुटने नहीं टेकूंगा। इस बात के वावजूद कि मैंने बहुत से वीडियो पुरुष रोल में शेयर किए हैं, आखिर क्यों हेटर्स मुझे निर्दयतापूर्वक दुख पहुंचा रहे हैं क्योंकि मैंने महिला के वेश में वीडियो बनाया है।' ज्यादा जानकारी और सबूत के लिए पुलिस मृतक के सोशल मीडिया अकाउंट को खंगाल रही है।