बुलंदशहर के अगौता थाना इलाके के गांव ढकौली में शनिवार की देर शाम अपने दो भाइयों के साथ गई एक किशोरी को इलाज करने के नाम पर तांत्रिक ने गर्म कोयलों से दाग दिया। परिजनों ने गंभीर हालत में किशोरी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। परिजनों ने तांत्रिक के खिलाफ थाने में नामजद तहरीर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगी है।
गांव ढकौली निवासी कौशर जहां पुत्री तालिब (14) पिछले 5-6 दिनों से बुखार से पीड़ित चल रही थी। परिजनों के मुताबिक शनिवार शाम कौशरजहां अपनी ताई दिलशादी और मौसी रुकसाना के साथ गांव के निजी चिकित्सक के यहां दवाई लेने के लिए जा रही थी।
आरोप है कि रास्ते में गांव का ही एक तांत्रिक उन्हें मिल गया और तांत्रिक ने किशोरी पर ऊपरी हवाओं का साया बताकर खुद इलाज करने की बात कही। देर शाम परिजनों ने किशोरी को दो भाइयों के साथ उसे तांत्रिक के घर भेज दिया। दोनों भाई गालिब और जुल्फिकार का आरोप है कि तांत्रिक ने एक को सात सरकारी नलों का पानी तो दूसरे को बाजार से कोयले लेने के लिए भेज दिया।
इस दौरान तांत्रिक ने मौका पाकर पहले किशोरी की लाठी-डंडों से पिटाई कर डाली और बाद में उसे गर्म कोयले से दाग दिया। किशोरी की हालत बिगड़ने पर तांत्रिक उसे मौके पर छोड़कर भाग गया। दोनों भाइयों ने फोन कर परिजनों को जानकारी दी। जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंचे और तांत्रिक के घर पर हंगामा खड़ा कर दिया।
बाद में 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां किशोरी की हालत गंभीर बताई गई है। किशोरी को 24 घंटे बाद भी होश नहीं आया है।