उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक बेटे को महज 50 रुपये की ऐसी भूख थी कि उसने इसके लिए जन्म देने वाली मां को ही मौत के घाट उतार दिया। घटना सिविल लाइंस के चक्कर की मिलक की है, जहां गुरुवार की रात एक नशेड़ी बेटे ने पचास रुपये के लिए मां का कत्ल कर दिया। बताया जा रहा है कि बेटा जुआ खेलने और शराब पीने के लिए मां से रुपये मांग रहा था।
मां ने रुपये देने से इंकार किया तो उसने चाकू से हमला कर दिया। इस घटना से परिवार में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने हत्यारोपी बेटे को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर खून से सना चाकू भी बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक मोहल्ले में सारदा खातून(65) पत्नी आले हसन का परिवार रहता है। सारदा खातून के छह बेटे और चार बेटियां हैं। पांच नंबर का बेटा जावेद उर्फ भूरा(25) शराब, चरस और स्मैक का आदी है। सारदा खातून अपने घर के बाहर ही सब्जी का फड़ लगाती थी।