कलयुगी बेटे ने अपने बाप की हत्या कर दी। पड़ोस से लस्सी लाने को लेकर पति-पत्नी का झगड़ा हो गया था। इस पर पति ने अपनी पत्नी की पिटाई कर दी। मां की पिटाई से आहत बेटे ने अपने बाप की हत्या कर दी। शव को दूसरे गांव में फेंक आया
घटना रोहतक के असंध की है। कस्बे के गांव फफड़ाना में पड़ोसी के घर से लस्सी लाने को लेकर पति पत्नी में हुए विवाद को लेकर पति ने पत्नी को पीट दिया। मां की पिटाई से आहत होकर बेटे ने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर अपने पिता की निर्मम हत्या कर शव को दूसरे गांव के रजवाहे में फेंक दिया। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर उसके बेटे और उसके साथी के खिलाफ हत्या सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
पुलिस को दी शिकायत में फफड़ाना निवासी शीला देवी ने कहा कि मंगलवार सुबह वह पड़ोस के एक घर से लस्सी लेकर आई थी। लस्सी लेकर आने की बात को लेकर उसके पति राजेंद्र सिंह (45) ने उसके साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। उसके पति ने उसे कहा कि वह पड़ोस से लस्सी क्यों लेकर आई।
फाइल
इसी बात को लेकर दोनों में ज्यादा कहासुनी हो गई और उसके पति ने उसकी पिटाई कर दी। जब उसका बेटा सुमित उर्फ कप्तान घर आया तो उसके बेटे को इस झगड़े का पता लगा। मां की पिटाई से आहत होकर सुमित ने अपने पिता राजेंद्र के साथ झगड़ा शुरू कर दिया। जब दोनों में बात ज्यादा बढ़ गई तो उसका पति राजेंद्र रात को घर से निकल गया।
उसके पति के पीछे पीछे उसका बेटा भी घर से निकल गया और उसने कहा कि आज वह अपने पिता की हत्या करेगा। उन्हें बुधवार को पता लगा कि उसके बेटे सुमित ने अपने पिता की हत्या कर दी है। पुलिस ने मृतक की पत्नी शीला देवी की शिकायत पर आरोपी पुत्र सुमित उर्फ कप्तान और उसके साथी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शक न हो इसलिए दूसरे गांव में की हत्या, रजवाहे में फेंका शव
घर में हुए झगड़े को लेकर आरोपी बेटे सुमित ने अपनी बहन के देवर सुरेंद्र वासी मुआना के साथ मिलकर गांव मुआना में तेजधार हथियार से अपने पिता की हत्या कर दी। दोनों आरोपी हत्या के बाद शव को बाइक पर लेकर गांव अरड़ाना पहुंचे। दोनों ने शव को अरड़ाना गांव के पास से गुजर रहे रजवाहे में फेंक दिया। ताकि उन पर किसी को हत्या करने का शक न हो।
गांव फफड़ाना में हुई राजेंद्र की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी शीला की शिकायत पर उसके बेटे सुमित उर्फ कप्तान व मुआना निवासी उसकी लड़की के देवर सुरेंद्र के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-दलबीर सिंह, डीएसपी असंध