डेरा सच्चा सौदा के नामचर्चा घरों में पुलिस प्रशासन को सर्च अभियान के दौरान एक करोड़ की मर्सडीज कार की मिली है। कार में सभी नियम दरकिनार हैं।
इस पर अब तक अस्थायी नंबर लगा है, जबकि चंडीगढ़ स्थित शोरूम से यह वर्ष 2011 में एजेंसी से निकली थी। यह कार छह साल में महज 600 किलोमीटर ही चली है। इसका रजिस्ट्रेशन चंडीगढ़ के सेक्टर-22 निवासी सीतारानी पत्नी राममूर्ति के नाम पर है। इनकी ये कार कुरुक्षेत्र के डेरे में कैसे पहुंची इसकी अभी जांच जारी है।
कुरुक्षेत्र पुलिस ने जिस एजेंसी से मर्सडीज की यह बेशकीमती कार खरीदी गई थी, उससे संपर्क कर सेक्टर-22 निवासी सीतारानी और उनके पति राममूर्ति से संपर्क साधा तो ज्ञात हुआ उन्होंने खरीदने के कुछ दिन बाद ही यह कार डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत सिंह राम रहीम को बेच दी थी। सवाल यह उठ रहा है कि सिर्फ चंद दिनों में उपरोक्त बेशकीमती कार को खरीद कर क्यों बेचा गया ?
यदि चंद दिनों बाद ही कार को बेचा गया था तो इस कार का रजिस्ट्रेशन छह साल बाद तक खरीदार के नाम पर क्यों नहीं कराया गया? कुरुक्षेत्र की उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि उन्होंने कार का पता चलते ही उन्होंने चंडीगढ़ के अस्थायी नंबर को मर्सडीज की एजेंसी से टैली कराया था।
राम रहीम की फिल्म में भी थी यह कार
ज्ञात हुआ कि उक्त बेशकीमती कार सेक्टर-22 चंडीगढ़ वासी सीतारानी पत्नी राममूर्ति के नाम पर है। जब उक्त कार मालिक का पता किया गया तो वहां इस नाम का कार मालिक नहीं मिला,लेकिन यह जरूर पता चला कि ये लोग पंजाब के मोहाली शहर में रह रहे हैं। मोहाली का पता मिलते ही उक्त लोगों से संपर्क हुआ और उनसे उक्त जानकारी हासिल हुई। उन्हें कुरुक्षेत्र पुलिस प्रशासन ने 28 अगस्त को कुरुक्षेत्र में तलब किया है।
जो कार कुरुक्षेत्र के डेरा सच्चा सौदा से बरामद हुई है,वह गुरमीत राम रहीम की एक फिल्म में भी प्रस्तुत की गई थी। इसमें डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने कई सीन फिल्माये थे। फिल्म में इस कार का उपयोग करने से पहले और बाद में कहां-कहां उपयोग किया गया, इसका रहस्य अभी उजागर होना बाकी है। हालांकि एक डेरा अनुयायी ने बताया है कि डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने यह कार अपने जन्मदिन पर 15 अगस्त 2017 को ही कुरुक्षेत्र डेरे को दी थी।
छह साल में छह सौ किलोमीटर चली कार
डीसी सुमेधा कटारिया से मिली जानकारी के अनुसार, डेरा के एक अनुयायी ने पूछताछ में बताया कि ये टू सीटर मर्सडीज कार को डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत सिंह राम रहीम ने कुरुक्षेत्र जिले को अपने जन्मदिन पर भेंट कर दिया था। यानी यह कार सिरसा से कुरुक्षेत्र तक पहुंचाई गई। हैरत की बात ये है कि एक कार जो चंडीगढ़ से खरीदी और सिरसा डेरा प्रमुख तक पहुंची और इसके बाद फिल्मों में इस कार का उपयोग हुआ। इतना ही नहीं फिल्मों में उपयोग के बाद इस कार को कुरुक्षेत्र जिले को भेंट कर दिया गया, पर कार छह साल में अब तक महज 600 किलोमीटर ही चल सकी।