दिल्ली के छतरपुर एंक्लेव में शुक्रवार को पहुंची स्पेशल सेल की टीम को देखकर एक नाइजीरियाई ड्रग्स तस्कर ने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। उसे जख्मी हालत में एम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस टीम ने एक महिला को कूदने से बचा लिया। पुलिस ने मृतक के साथ रह रहीं दो महिलाओं को गिरफ्तार कर 25 किलो कैटामाइन ड्रग्स बरामद की है। बरामद ड्रग्स की कीमत 25 करोड़ रुपये है। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज जब्त की है।
स्पेशल सेल के संयुक्त आयुक्त एमएम ओबरॉय ने बताया कि स्पेशल सेल की टीम को छतरपुर एंक्लेव के एक मकान की चौथी मंजिल पर नाइजीरियाई ड्रग्स तस्कर के होने की जानकारी मिली थी। सूचना पर पुलिस की टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची।
मौके पर जमा भीड़
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने एक नकली ग्राहक को तस्कर के पास सौदा करने के लिए भेजा। सौदा तय करने के दौरान उसे कुछ शक हुआ कि पुलिस ने घेर लिया है। इसी दौरान नाइजीरियाई युवक ने हेलमेट पहनकर चौथी मंजिल की खिड़की से छलांग लगा दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हेलमेट के स्ट्रैप बंधे नहीं होने और नीचे गिरने के दौरान एसी से टकरा जाने से वह जख्मी हो गया। पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
उसकी पहचान साइप्रियन अमा ओगबोनाया के रूप में हुई है। बताया जाता है कि एक महिला ने भी कूदने की कोशिश की, जिसे पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, छापेमारी के दौरान घर से 25 किलो कैटामाइन ड्रग्स मिली है। पुलिस ने नाइजीरियाई के साथ रह रहीं दो महिलाओं विक्ट्री सो सोचूकू और अमेसन इमेनुअल को गिरफ्तार कर लिया है।