मुंबई क्राइम ब्रांच की प्रोपर्टी सेल ने एक 65 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। ये आदमी बीते दो दशकों से गाड़ियों की चोरी कर रहा था ताकि अपनी कैब्स (जिन्हें रिपेयरिंग की जरूरत होती है) के पार्ट्स बदल सके। ये व्यक्ति टैक्सी का बिजनेस चलाता है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी की हुई गाड़ी के वो पार्ट निकाल लेता था, जिसकी उसे जरूरत होती थी। इसके बाद वो उस गाड़ी को स्क्रैप डीलर को बेच देता था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी के खिलाफ मुंबई में 43 मामले दर्ज हुए हैं। आरोपी की पहचान मोहम्मद कामिल नूर मोहम्मद अंसारी के तौर पर हुई है। वह नागपाड़ा इलाके का रहने वाला है। उसका एक दूसरा निवास स्थान गोरेगांव (ईस्ट) के दिंडोशी में भी है।
पुलिस ने बताया कि अंसारी का बीते चार दशक से टैक्सी का बिजनेस चल रहा है। उसके पास चार टैक्सी हैं। वह दो शिफ्ट (दिन और रात) के लिए टैक्सी चलाने के लिए ड्राइवरों को नियुक्त करता है। प्रोपर्टी सेल के पुलिस अधिकारी धीरज कोली का कहना है, "अगर अंसारी के टैक्सी का कोई पार्ट खराब हो जाता और उसे रिपोयर करने की जरूरत होती तो वह कभी नए पार्ट नहीं खरीदता था। वह मास्टर चाभी का इस्तेमाल करके पार्किंग एरिया और बिल्डिंग के बाहर खड़ी गाड़ियों को चोरी कर लेता था। वह चोरी किए हुए वाहन को दूरदराज के इलाके में ले जाता और जिन पार्ट्स की उसे जरूरत होती वो पार्ट निकाल लेता। पार्ट निकालने के बाद वह वाहन स्क्रैप डीलरों को बेच देता था।"
नागपाड़ा के अलावा पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों के कई पुलिस सटेशनों में उसके खिलाफ मामले दर्ज हो चुके हैं। बीते महीने अंसारी ने माटुंगा से गाड़ी चुराई थी, जिसके बाद वह गिरफ्तार हुआ। उसने अपने दिंडोशी स्थित घर के बाहर गाड़ी पार्क की थी। इसके बाद उसे बाइकुला में गिरफ्तार किया गया। गाड़ी के मालिक ने माटुंगा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई थी, जिसके बाद प्रोपर्टी सेल ने मामले में जांच शुरू कर दी थी।
कोली ने बताया, "जैसा कि अंसारी का नाम रिकॉर्ड में था, हमने उसे तुरंत ढूंढना शुरू कर दिया। जब वह अपने नागपाड़ा के निवास स्थान जा रहा था तभी हमने उसे बाइकुला इलाके से पकड़ लिया।" अधिकारी ने आगे बताया कि गाड़ी को बरामद कर लिया गया क्योंकि अंसारी को गाड़ी के टायर निकाल कर उसे स्क्रैप डीलर को बेचने का मौका नहीं मिल पाया था। अंसारी को शुक्रवार को आगे की जांच के लिए माटुंगा पुलिस के हवाले कर दिया गया है।