मुंबई के बांद्रा में तीन कमरों के मकान में रहने वाले बुजुर्ग दंपत्ति के साथ लूटपाट के बाद उनकी हत्या कर दी गई है। मामला गुरुवार का है। पुलिस को शक है कि वारदात को अंजाम घर में काम करने वाली नौकरानी ने दिया है। मृतकों की पहचान नानक गोपालदास माखिजानी (85) और उनकी पत्नी दया नानक माखिजानी (71) के तौर पर हुई है। वह खार अपार्टमेंट में रहते थे। उनकी देखभाल और घर का काम संभालने के लिए एक नौकरानी भी उनके साथ ही रहती थी। दंपती के दो बेटे हैं जो विदेश में रहते हैं दोनों को इस घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार सुबह 9 बजे जब माखिजानी के घर काम करने वाली एक अन्य नौकरानी ने उनके दरवाजे की घंटी बजाई तो कोई उसे खोलने नहीं आया। उसने दरवाजा भी खटखटाया पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद उसने इस बारे में चौकीदार को सूचित किया। चौकीदार ने नानक के मोबाइल पर कई बार फोन किया पर उन्होंने फोन नहीं उठाया।
इसके बाद चौकीदार ने बिल्डिंग के चेयरमेन को इस बारे में सूचित कर दिया। उन्होंने फिर हाउस कीपिंग स्टाफ की सहायता ली। स्टाफ सीढ़ियों की सहायता से पहली मंजिल पर स्थित फ्लैट में दाखिल हुआ। अंदर जाकर देखा तो पता चला कि बुजुर्ग दंपत्ति की हत्या कर दी गई है। इसके बाद उन लोगों ने तुरंत ही पुलिस को इस बारे में सूचित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर कहा कि दंपत्ति को सोते समय ही मारा गया है। उनका गला दबाने के लिए दुपट्टे का इस्तेमाल किया गया होगा। आरोपी का उद्देश्य लूटपाट रहा होगा क्योंकि घर से सोने के जेवर गायब हैं। पुलिस को शक है कि यह काम उनके साथ घर में रहने वाली नौकरानी ने ही किया है। जिसे दो हफ्ते पहले ही काम पर रखा गया था। जब दोनों शवों को घर से बरामद किया गया तब नौकरानी वहां मौजूद नहीं थी।
पहचान ना बताने की शर्त पर एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिल्डिंग में कोई सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे हैं जिससे यह पता चल सके कि घटना को किस वक्त अंजाम दिया गया और नौकरानी कब यहां से गई। उन्होंने कहा कि चौकीदार से पूछताछ की जा रही है ताकि पता चल सके कि नौकरानी कौन है और वह कब बिल्डिंग से गई।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक माखिजानी दंपत्ति ने घर के काम के लिए चार नौकरानियों को रखा हुआ था। जिनमें से एक उनके साथ घर पर ही रहती थी। पुलिस ने कहा कि जिस नौकरानी ने सुबह जानकारी दी कि दंपत्ति दरवाजा नहीं खोल रहा है उससे भी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि घर में साथ रहने वाली नौकरानी को चौकीदार की सिफारिश पर काम के लिए रखा गया था। मामले की जांच की जा रही है ताकि ये पता चल सके कि इस घटना को अंजाम नौकरानी ने अकेले दिया है या किसी और ने भी उसकी सहायता की है।