घर देर से आने पर पति हुआ आगबबूला, चाकू से गोदकर बीवी को मार डाला
- फोटो : demo
मुंबई के नालासोपारा में एक शख्स ने महज इसलिए अपनी बीवी की हत्या कर दी क्योंकि वो भीमराव अंबेडकर की 125 जयंती पर आयोजित कार्यक्रम से घर देर से आई थी। टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक 48 वर्षीय राजेंद्र सावंत ने अपनी 48 वर्षीय पत्नि रंजना को रसोईघर में इस्तेमाल की जाने वाली चाकू से गोद डाला।
पुलिस की माने तो वारदात के वक्त बीच-बचाव में आई बहू अरुणा पर भी आरोपी ने रहम नहीं खाया और उसे भी हमला कर घायल कर दिया।
आरोपी नालासोपारा के शंकेश्वर नगर का रहने वाला है। पुलिस की मानें तो आरोपी और उसकी बीवी अपने बेटे-बहू किरन और अरुणा के साथ रह रहे थे लेकिन दोनों में तालमेल नहीं था। वे अक्सर लड़ते हुए देखे जाते थे। यहां तक कि आरोपी राजेंद्र अपनी बीवी के हाथ से बना खाना भी नहीं खाता था।
गुरुवार को रंजना डॉक्टर अंबेडकर की जयंती पर आयोजित किए गए एक कार्यक्रम में गई थी। वो रात में करीब 11 बजे लौटी। रंजना के घर देर से आने पर राजेंद्र उस पर बरस पड़ा। गुस्से से आगबबूला राजेंद्र रसोईघर में गया और चाकू उठा लाया। उसने चाकू रंजना के पेट में घुसा दिया। बीच-बचाव में आई बहू अरुणा पर भी उसने हमला किया जिससे अरुणा का हाथ जख्मी हो गया। अरुणा की चीखें सुनकर पड़ोसी दौड़ते हुए आए और राजेंद्र को दबोच लिया।
राजेंद्र पुलिस हिरासत में है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।