सरायइनायत इलाके के नसीरापुर में जीटी रोड स्थित एक खाली दुकान के भीतर बुधवार को महिला का शव मिलने से लोग सन्न रह गए। शव कई दिन पुराना है। शक है कि दुकान के भीतर महिला को रेप के बाद मारा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू की। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फिलहाल पुलिस मान रही है कि महिला को कहीं बाहर से लाया गया था। सभी थानों को इस बारे में सूचना भेजी गई है।
नसीरापुर गांव में मोइनुद्दीन के दो मकान हैं। एक घर गांव के भीतर है जबकि दूसरा मकान जीटी रोड किनारे है। जीटी रोड वाले मकान के पिछले हिस्से में मोइनुद्दीन का बेटा जमील रहता है। अगले हिस्से में छह दुकानें हैं। उनमें एक दुकान में भागलपुर बिहार का मोहम्मद इस्राइल रहकर बोरिंग का काम करता है। दो दिन पहले ही वह ईद के बाद लौटा है। तब से वह कहीं साइट पर गया है। इसके अलावा नसीरापुर के ही बबलू ने दो दुकानों में टेंट हाउस खोल रखा है।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे बबलू टेंट हाउस आया तो उसकी नजर बगल की खाली दुकान के शटर पर गई, जिसमें ताला नहीं लगा था। उस दुकान को भी किराए पर लेने के इरादे से बबलू ने अंदर देखने के लिए शटर उठाया तो भौंचक रह गया। बदबू के बीच उसे महिला की लाश दिखी। उसने फौरन बाहर निकल शोर मचाया तो भीड़ लग गई। दुकान मालिक मोइनुद्दीन और पुत्र जमील भी आ गया। सीओ फूलपुर अभिनव कनौजिया तथा सरायइनायत थाना प्रभारी यतेंद्र भारद्वाज ने निरीक्षण किया।
महिला की उम्र तकरीबन 32 साल रही होगी। उसके शरीर पर नीले रंग की साड़ी, पेटीकोट, ब्लाउज था। वह दोनों हाथों की अंगलियों में सोने की अंगूठियां और पैरों में पायल पहने थी। जाहिरा तौर पर कोई चोट नहीं दिखी। शव कई दिन पुराना हो चुका था। शव और कपड़ों की स्थिति देखकर आशंका है कि अराजक तत्वों ने उस महिला को कहीं से लाकर उस दुकान के भीतर रेप किया था। फिर गला घोंटकर मार डाला।
ऐसे में कातिल आसपास के ही रहने वाले हो सकते हैं जिन्हें पता था कि दुकान खाली है और उसके शटर में ताला नहीं लगा रहता। पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाया तथा दुकान मालिक को थाने ले जाकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर तहकीकात की जा रही है। आसपास के संदिग्ध युवकों तथा लापता महिलाओं का पता लगाया जा रहा है।