नोटबंदी के लागू होने के बाद जहां आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, दूसरी तरफ इससे जुड़ी एक अनोखी घटना भी सामने आई है। नोटबंदी का असर क्राइम करने वालों पर भी पड़ रहा है।
इंदौर में बदमाशों ने एक शख्स को अगवा किया और फिरौती की रकम से लिए पेटीएम का इस्तेमाल किया। पेटीएम इस्तेमाल करने से यह तो साफ हो गया है कि भले ही लोग कैशलेस भुगताने करने की समझ से परे हो, लेकिन क्राइम करने वाले बदमाश जरूर डिजिटल हो गए हैं।
मीडिया खबरों के अनुसार किडनैपरों ने शख्स को इंदौर के मथुरा से किडनैप किया था। इसके बाद उन्होंने अपहृत व्यक्ति के मालिक संजय पटेल से संपर्क किया और फिरौती के लिए 30 हजार रुपये की मांग की। किडनैपरों ने मालिक से कहा कि वे इसका भुगतान पेटीएम के जरिए ही करे।
दो बार ली फिरौती की रकम
संजय पटेल का मैसेज
- फोटो : india today
चौंका देने वाली बात है कि संजय पटेल से दो बार पेटीएम के जरिए फिरौती ली गई। पहली बार 30 हजार रुपये देने के बाद किडनैपरों का मन नहीं भरा और उन्होंने फिर से पैसे की मांग रख दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उन्होंने मालिक से दोबारा 5 हजार रुपये लिए और शख्स को छोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि बदमाशों ने कॉलेज में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए व्यापारी से संपर्क किया। उन्होंने जस्ट डॉयल के जरिए व्यापारी को ढूंढा और उससे मिलने की बात कही। जब व्यापारी का साथी वहां पहुंचा, तो उन्होंने उसे अगवा कर लिया और मालिक से फिरौती की मांग रख दी। हालांकि, पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और किडनैपरों की तलाश की जा रही है।