उत्तर प्रदेश में बरेली के थाना शाही के एक गांव में झूठी आन की खातिर लड़की के घरवालों ने उसके प्रेमी बनवारी लाल की उसी के घर में घुसकर हत्या कर दी। रात में जब वह छत पर सो रहा था तो हमलावर चुपके से घर में घुसे और दो गोलियां दाग दीं।
गर्दन और सिर में गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गोलियों की आवाज से घरवाले और पड़ोसी जब तक कुछ समझ पाते तब तक हत्यारे फरार हो गए। लड़की के पिता, भाई और एक अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
नत्थू लाल के 24 वर्षीय बेटे बनवारी लाल और गांव की ही लड़की में पिछले ढाई साल से प्रेम चल रहा था। बीस दिन पहले लड़की के पिता ने उसे बनवारी लाल से मुलाकात करते देख लिया था। इससे खफा होकर पिता ने बेटी को उसकी ननिहाल भेज दिया था।
लड़की के भाई ने उसी दिन बनवारी लाल को जान से मारने की धमकी दी थी। रविवार की रात बनवारी लाल अपने मकान की छत पर सोया था। उसका छोटा भाई कृष्णपाल और बाकी परिवार के लोग मकान के निचले हिस्से में सो रहे थे।