मौलागढ़ गांव में शाम करीब साढे़ चार बजे एक युवती को उसके प्रेमी ने घर में घुसकर मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जलाकर मार डाला। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। वह पुलिस के हाथ नहीं आ पाया है।
यह सनसनीखेज वारदात भोजीपुरा रेलवे स्टेशन से से पूरब दिशा में करीब पांच किमी दूर मौलागढ़ गांव में हुई। गांव में 19 वर्षीय लड़की घर में अकेली थी। उसके भाई की पत्नी तीन दिन पहले मायके शादी में गई थी। भाई कारचोबी के काम से बरेली गया हुआ था।
इसी बीच मौका पाकर पड़ोसी गांव लक्ष्मीयांपुर का वसीम खां शाम चार बजे लड़की केघर आ गया।लड़की के भाई ने बताया कि वसीम का उसकी बहन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि वसीम ने गुस्से में उसे खींचकर बरामदे में गिरा लिया और अलमारी में रखी पांच लीटर की केन से मिट्टी के तेल उसके ऊपर उडे़लकर आग लगा दी।
घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गया। उसे घर से भागते हुए मृतका की ताई ने देख लिया। ताई ने बताया कि वह शक होने पर घर में देखने गई तो लड़की की मौत हो चुकी थी। भाई ने बताया कि बहन की मौत की सूचना पर वह बरेली से घर आया।
घटना की सूचना पर एसओ भोजीपुरा जेपी यादव मौके पर पहुंचे, वहीं सीओ नवाबगंज नरेश कुमार ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट की टीम ने भी बारीकी से पड़ताल की।
पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर वसीम खां पुत्र छोटे खां निवासी लक्ष्मीयांपुर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। सीओ ने बताया कि लड़की से आरोपी का प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसे लेकर लड़की के भाई से भी उसका विवाद हुआ था।
दोनों साथ में कारोबार करते थे, मगर इसी बात को लेकर दोनों का कारोबार भी अलग-अलग हो गया था। रविवार को पता नहीं दोनों के बीच क्या विवाद हुआ? परिवार वालों का आरोप है कि लड़की को वसीम ने जिंदा जला दिया। आरोपी की तलाश में दबिश दी गई, मगर वह हाथ नहीं आया।