दुनिया में लोगों से जुड़ने का एक जरिया फेसबुक है। इसकी वजह से जहां कुछ लोगों को फायदा होता है तो कुछ को इसके साइड-इफेक्ट भी भुगतने पड़ते हैं। इसका हालिया शिकार बनी हैं जर्मन की रहने वाली महिला। जिनकी फेसबुक के जरिए दक्षिण मुंबई के रहने वाले शख्स के साथ दोस्ती हुई और वह उससे मिलने और भारत घूमने के लिए हमारे देश आ गईं। बाद में महिला ने अपने उसी दोस्त के खिलाफ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। जिसकी वजह से पुलिस ने 52 साल के शख्स को हिरासत में ले लिया है।
जर्मन महिला केवल तीन दिन पहले ही मुंबई शहर आई थीं। वह आरोपी के घर में मेहमान के तौर पर रह रही थी। मरीन ड्राइव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के बाद उसे हिरासत में लेकर कोर्ट के सामने प्रस्तुत किया। कोर्ट से पुलिस को 12 मार्च तक के लिए आरोपी की कस्टडी मिल गई है। हालांकि आरोपी ने खुद पर लगे इल्जाम को गलत बताया है।
महिला के बयान के अनुसार महिला फेसबुक के जरिए आरोपी के संपर्क में आईं और उसने उन्हें भारत आने का निमंत्रण दिया क्योंकि महिला ने बताया था कि वह भारत घूमना चाहती है। दक्षिण दिल्ली के रहने वाले नागरिक ने उन्हें रहने के लिए अपना घर दिया लेकिन दोनों के बीच चीजें गुरुवार रात को बदल गईं। महिला का कहना है कि आरोपी ने अपने घर में उन्हें गलत तरीके से छुआ। जिसके बाद उन्होंने अपने दोस्त को फोन किया और उसने उन्हें 100 नंबर पर फोन करने की हिदायत दी। जिसके बाद महिला ने शिकायत दर्ज करवाई।