तड़के करीब तीन बजे गहरी नींद में सोए अच्छन कुरैशी की नींद किसी आहट ने भंग कर दी। नजर जब बेटी की चारपाई पर गई तो वह खाली थी लेकिन घर के इकलौते कमरे की लाइट ऑन थी।
माथा ठनका, दरवाजे पर जाकर झिर्रियों से झांका तो अंदर लाडली बेटी को अपने प्रेमी युवक के साथ आपत्तिजनक अवस्था में देखकर खून खौल उठा। धैर्य और ममता जवाब दे गई। गुस्से की आग ऐसी धधकी कि अपनी ही लाड़ली को अपने ही हाथों हमेशा के लिए मौत की नींद सुला दिया।
बचाने आए उसके प्रेमी की गर्दन पर छुरी से जोरदार प्रहार कर उसकी भी हत्या कर दी। दो हत्याएं करने के बाद पिता कोतवाली पहुंच गया और अपना गुनाह कबूल करते हुए कहा कि मेरे घर में मेरी ही इज्जत से खिलवाड़..साहब! देखा न गया, खून खौल गया।
मेरे घर में मेरी इज्जत से खिलवाड़..साहब! खून खौल गया
गुन्नौर कस्बे के मुहल्ला टंकी वाले में अच्छन कुरैशी का मूंगफली का ठेला लगाकर अपने पत्नी व पांच बच्चों का पेट पालता था। अपनी बड़ी बेटी निशा को वह बहुत लाड़ प्यार करता था, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण किसी बच्चे को पढ़ा नहीं पाया था। निशा की उम्र करीब 19 वर्ष हो चुकी थी, पिछले डेढ़ दो सालों से उसके कानों में पड़ोसी युवक बीस वर्षीय सलमान पुत्र इस्लाम शाह से नजदीकियों की खबरें उसके कानों तक पहुंची। पहले तो बेटी को बदनाम करने की मुखालिफों की साजिश समझकर दर किनार करता रहा लेकिन कुछ दिन पहले जब उसकी पत्नी नसरीन ने भी उसे निशा व सलमान के छिप छिपकर मिलने की बात बताई तो निशा पर घर से निकलने पर पाबंदी लगा दी गई।
सलमान के घर भी शिकायत की कि वह अपने बेटे को रोक ले, लेकिन सलमान के परिजनों ने उल्टे उन्हें ही बुरा भला कहकर भगा दिया। रविवार की रात अच्छन कुरैशी करीब नौ बजे मूंगफली बेंचकर लौटा। गर्मी के कारण बरामदे में ही पूरा परिवार चार चारपाइयों पर ही सो गया। रात करीब तीन बजे एक आहट से अच्छन की अचानक नींद टूटी। बेटी की चारपाई खाली देखी तो माथा ठनका। नजर जब कमरे में जलती लाइट पर पड़ी तो धीरे से दरवाजे के पास पहुंचा। दरवाजे की झिर्रियों से अंदर बेटी व सलमान को आपत्तिजनक हालत में देखकर उसका पारा चढ़ गया। खून खौल उठा। पत्नी नसरीन भी जागकर आ गई। खटखटाने के बाद निशा ने दरवाजा खोला लेकिन प्रेमी को छिपा दिया। चूंकि अच्छन पहले ही देख चुका था, इसलिए उसने बेटी की गर्दन पकड़ ली। रस्सी से बेटी की गर्दन दबाकर हत्या कर दी। निशा को मरते देखकर छिपा सलमान बाहर आकर उसे बचाने लगा तो अच्छन के हाथ में छुरी आ गई, उसने गर्दन पर कई प्रहार कर दिए। जिससे उसकी भी मौत हो गई।
दोनों की मौत के बाद अच्छन कोतवाली गुन्नौर पहुंचा, सारी घटना खुद ही बयां की तो पुलिस में खलबली मच गई। कोतवाली प्रभारी अमित कुमार मयफोर्स मौके पर पहुंचे। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हत्या के दौरान अच्छन की पत्नी नसरीन ने भी पति का साथ दिया था, इसलिए पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक रविशंकर छवि व एएसपी पंकज पांडेय भी मौके पर पहुंचे। मृतक युवक सलमान के पिता इस्लाम शाह की तहरीर पर अच्छन कुरैशी, उसकी पत्नी नसरीन कुरैशी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
डेढ़ साल में ही हो गया प्रेम कहानी का दुखद अंत
यह दीगर बात हैकि सलमान व निशा कुरैशी के घर पड़ोस में होने के कारण दोनों साथ साथ खेलकर बडे़ हुए लेकिन दोनों की प्रेम कहानी अधिक पुरानी नहीं है। सिर्फ डेढ़ साल से ही दोनों के बीच प्यार उमड़ा और दोनों ने साथ जिंदगी गुजारने की कसमें खाई लेकिन रविवार की रात दोनों की प्रेम कहानी का हृदयविदारक अंत हो गया।
बात अधिक समय की नहीं है, निशा और सलमान के बीच प्रेम संबंध बने लेकिन दोनों एक हम उम्र और पड़ोसी होने के कारण एक साथ ही खेले और बड़े हुए, इसलिए दोनों का मिलना जुलना तो हमेशा से ही रहा। निशा की मां नसरीन ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले एक पड़ोसी ने दोनों के मिलने जुड़ने व गलत हरकतों की शिकायत की थी, लेकिन उस व्यक्ति से पहले से ही विवाद चल रहा था, इसलिए उसकी बात को अनसुना कर दिया गया लेकिन उसके महीनेभर बाद उसने खुद ही दोनों को अकेले में बात करते देख लिया था लेकिन इसकी शिकायत पति से नहीं की थी। उसके बाद दोनों को खेत में देख लिया गया था, उसके बाद परिजनों ने सख्ती करना शुरू कर दिया था। सलमान के परिजनों ने कभी यह बात स्वीकार नहीं की।
धीरे धीरे बात कस्बे में फैलती रही। जिससे अच्छन कुरैशी को अपनी सामाजिक बदनामी अपनी प्रतिष्ठा पर दाग लगने लगी। उसने बेटी को नजरबंद कर दिया। जब निशा घर से बाहर नहीं निकली, तो सलमान उससे मिलने को उतावला हो गया। रविवार की शाम को ही सलमान निशा के घर पहुंच गया था। तब से उसके घर में ही छिपा रहा। शाम को सलमान ने अपने पिता को फोन करके कह दिया कि वह शादी में जा रहा है, सोमवार की सुबह लौटेगा। इसलिए उन्होंने दोबारा उसकी खोज खबर नहीं ली। रात तीन बजे के बाद सलमान और निशा की प्रेम कहानी का दुखद अंत हो गया।
अंतिम समय तक प्रेमियों ने की एक दूसरे को बचाने का प्रयास
मरते-मरते भी निशा और सलमान ने एक दूसरे को बचाने का प्रयास किया लेकिन पिता के सिर पर सवार खून के आगे उनके सारे प्रयास विफल हो गए। अच्छन कुरैशी ने जब दोनों को झरोखे से आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद दरवाजा खटखटाया, तब तक निशा को यह एहसास भी नहीं था कि उसके पिता के सिर पर खून सवार हो चुका है। उसने दरवाजा खोल दिया, यह दिखाने का प्रयास किया कि वह सो रही थी, लेकिन पिता के हाथ सीधे उसकी गर्दन पर पहुंचे।
पहला सवाल हुआ कि तेरे साथ कौन है कमरे में। निशा बोली कोई नहीं, मै तो अकेली हूं, बाहर नींद नहीं आई, इसलिए अंदर आकर सो गई, लेकिन पिता ने कुछ नहीं सुना। उसकी गर्दन पर दबाव बढ़ता गया। नसरीन भी आ गई, वह भी रस्सी लेकर, उसने रस्सी से निशा की गर्दन दबा दी। निशा की चीखे सुनकर चारपाई के नीचे छिपा सलमान प्रेमिका को बचाने के लिए बाहर निकल आया, उसे बचाने लगा लेकिन छुरी का एक प्रहार उसकी गर्दन पर किया। वह गिर गया। अच्छन व नसरीन ने दूसरी रस्सी से सलमान के पैर बांध दिए। उसके बाद फिर छुरी से उसकी गर्दन पर प्रहार किए। कमरा रक्तरंजित हो गया। लेकिन अच्छन कुरैशी पसीजा नहीं है। दोनों की मौत की पुष्टि के बाद ही उसने फिर दरवाजा बंद किया और कोतवाली चला गया।
-गुन्नौर में एक युवती को उसके माता पिता ने ही हत्या कर दी, युवती के प्रेमी को भी मार दिया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की तफ्तीश शुरू कर दी गई है। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। -रवि शंकर छवि पुलिस अधीक्षक संभल