रिश्वत मांगने के खिलाफ ट्वीट कर विवादों में आए कॉमेडियन कपिल शर्मा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। कपिल पर आरोप है कि उन्होंने जिम्मेदार नागरिक होने की ड्यूटी नहीं निभाई है। दरअसल, राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि अगर उन पर लगाए गए आरोप सही साबित होते हैं तो उन्हें तीन साल की जेल हो सकती है।
शिकायत में कहा गया है कि जब रिश्वत मांगी गई, तो वह चुप क्यों रहे और उन्होंने उसका विरोध करते हुए शिकायत दर्ज क्यों नहीं कराई? इतना ही नहीं कार्यकर्ता संदीप देशपांडे ने अपनी शिकायत को एफआईआर बनाकर जांच करने को कहा है।
देशपांडे ने कहा कि कपिल ने रिश्वत मांगने की बात को छुपाया है, जिससे साफ जाहिर होता है कि उन्होंने जिम्मेदार नागरिक होने का फर्ज नहीं निभाया है। देशपांडे ने बताया कि कपिल के खिलाफ आईपीसी की धारा 176 के तहत शिकायत दर्ज कराई गई है।