देश में नोटबंदी के बाद जहां आम आदमी लाइनों में लग कर पैसे बदल रहा है, वहीं दूसरी तरफ नए नोटों की धांधली धड़ल्ले से चल रही है। मुंबई में एक कार डीलर को 10.20 लाख की नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार हुए शख्स का नाम हरिओम उनेच्छा है और वह एक कार के शोरूम का मालिक है।
चौंका देने वाली बात है हरिओम के पास से दो हजार के नए नोट मिले हैं जिनकी कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है। सीनियर पुलिस इंन्सपेक्टर का कहना है कि उनकी टीम ने शख्स के पास से 10.20 लाख रुपये बरामद किए और इसमें करीब 9 लाख की रकम दो हजार के नए नोटों के रूप में थी।
उन्होंने कहा कि हम जांच कर रहे हैं कि आखिर वह इतने सारे दो हजार के नोट कैसे इकट्ठे कर पाया। हरिओम का कहना है कि उसने बिजनेस डील के जरिए पैसे इकट्ठे किए हैं, हालांकि इनक्म टेक्स डिपार्टमेंट मामले की जांच कर रहा है।