रेलवे रोड स्थित ईशान गेस्ट हाउस में एक सिरफिरे आशिक ने सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दे दिया। उसने आखिरी मुलाकात के बहाने प्रेमिका को बुलाया। पहले प्रेमिका और फिर खुद की गर्दन पर ब्लेड से ताबड़तोड़ कई वार कर डाले।
चीख-पुकार मची तो गेस्ट हाउस के कर्मचारी दौड़कर पहुंचे। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें मेडिकल रेफर किया गया। मोदीनगर स्थित गोविंदपुरी निवासी अजीत सिंह का पड़ोस की युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। दोनों की बिरादरी अलग-अलग होने के चलते परिवार के लोगों ने उनके रिश्ते को मंजूर नहीं किया।
युवती का रिश्ता दूसरी जगह तय हो गया। इसकी जानकारी अजीत को लगी, तो उसने युवती को फोन कर आखिरी बार मुलाकात के नाम पर बुलाया। सोमवार सुबह 10:40 बजे दोनों मेरठ रेलवे रोड पर ईशान गेस्ट हाउस में पहुंचे। पति-पत्नी बताकर दोनों ने कमरा नंबर 101 बुक किया।
करीब 15 मिनट बाद कमरे से चीखने की आवाज आई, तो कर्मचारी दौड़कर पहुंचे। कमरे का भयावह नजारा देखकर कर्मचारी सहम गए। युवक और युवती फर्श पर लहूलुहान पड़े थे। युवती ने कराहते हुए बताया कि अजीत ने पहले ब्लेड से उसकी गर्दन पर कई वार किए और फिर खुद की भी गर्दन पर ब्लेड मारे।
कर्मचारियों की सूचना पर इंस्पेक्टर रेलवे रोड पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस दोनों को जिला अस्पताल ले गई। डॉक्टरों ने उनकी हालत देखते ही कहा कि इन्हें तुरंत मेडिकल ले जाओ। पुलिस दोनों घायलों को मेडिकल ले गई, वहां उनका इलाज शुरू हुआ।
‘आखिरी तमन्ना, तुम्हें साड़ी में देखना’
मेडिकल में भर्ती युवती ने बताया कि अजीत उसे बार-बार फोन करके मुलाकात करने को कह रहा था। रविवार को अजीत ने फोन किया और कहा कि तुम मेरी आखिरी तमन्ना पूरी कर दो, उसके बाद तुम जहां चाहे शादी कर लेना। सोमवार सुबह दस बजे युवती सूट-सलवार पहनकर घर से निकली। मोदीनगर बस स्टैंड पर उसने साड़ी पहनी और अजीत के साथ गेस्ट हाउस में आई। गेस्ट हाउस में अजीत ने कहा कि तुम मुझसे शादी कर लो, मैं तुम्हें बहुत खुश रखूंगा। लेकिन युवती नहीं मानी। इसके बाद अजीत ने उस पर हमला बोल दिया।
‘मैंने नहीं, प्रेमिका ने किया हमला’
अस्पताल में भर्ती अजीत ने लिखकर दिया कि युवती ने ही मुझे मिलने के लिए बुलाया था। वह पर्स में ब्लेड रखकर लाई थी। मैंने शादी के लिए अपने परिजनों को मनाने की बात कही, तो वह भड़क गई और बोली कि आज मैं तुझे जिंदा नहीं छोडू़ंगी। उसने ब्लेड से मुझ पर हमला कर दिया। इसके बाद खुद ही गर्दन पर वार किए।
दोनों के परिजन भी पहुंचे
पुलिस की सूचना पर दोनों के परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों परिवारों ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। माहौल गर्म होने पर पुलिस ने दोनों पक्षोें को शांत किया। मेडिकल कालेज के डॉ. अजित चौधरी ने बताया कि दोनों की सर्जरी की गई है। फिलहाल दोनों की हालत खतरे से बाहर है।