आंसू गैस के गोले छोड़ती हुई पुलिस
अलीगढ़ में रेलवे रोड के दोहरे हत्याकांड के विरोध में ऊपरकोट पर जुमे की नमाज के बाद बवाल हो गया। मृतकों के परिवार को मुआवजा और नौकरी के साथ हत्या के आरोपी को फांसी देने की मांग कर रहे लोगों के बीच मौजूद उत्पातियों ने पुलिस पर पथराव और फायरिंग कर दी। इससे ऊपरकोट का समूचा बाजार बंद हो गया।
रेलवे रोड, फूल चौराहा, कनवरीगंज, महावीरगंज तक भगदड़ मच गई। उत्पातियों ने ग्रामीण बैंक को लूटने की कोशिश की और बारहसैनी धर्मशाला और उसके अंदर स्थित धार्मिक स्थल पर भी पथराव किया। पुलिस ने हवाई फायरिंग और लाठीचार्ज कर बमुश्किल भीड़ को नियंत्रित किया। इस बवाल में मदार गेट चौकी इंचार्ज सहित कई पुलिसकर्मी, कई एसओ और सीओ घायल हो गए।
चौकी इंचार्ज राजकुमार को नाजुक हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। देर शाम तक डीएम-एसएसपी सहित पूरा अमला प्रभावित इलाकों में चौकसी बरते हुए था और पैदल भ्रमण जारी था।
गौरतलब है कि विगत सोमवार को रक्षाबंधन के दिन रंगदारी वसूलने के विवाद में रेलवे रोड पर कचौड़ी विक्रेता सुरेश द्वारा दो सगे भाइयों वसीम और आशू की हत्या कर दी गई थी। शुक्रवार दोपहर जुमे की नमाज के बाद ऊपरकोट जामा मस्जिद पर मुस्लिम समुदाय की ओर से मृतक वसीम और आशू के परिवार को 50-50 लाख मुआवजा, दो नौकरी, मकान आदि की मांग को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा था।
मौके पर कई थानों की फोर्स, पीएसी, आरएएफ के साथ एडीएम सिटी एसबी सिंह, एसपी सिटी अतुल श्रीवास्तव आदि मौजूद थे। भीड़ को समझाने की कोशिश चल रही थी। खुद शहर मुफ्ती खालिद हमीद भी भीड़ को समझा रहे थे। अधिकारियों के स्तर से भरोसा दिलाया गया कि 25-25 लाख रुपये दिलाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। बाकी और डिमांड भेज दी जाएगी।