अपराधी पुलिस पर किस तरह भारी पड़ते हैं, इसके किस्से सामने आते ही रहते हैं। शुक्रवार रात एक बार फिर यहीं हुआ। इस बार शर्मिंदगी का शिकार बिशारतगंज पुलिस हुई है। बताया गया कि छेड़खानी का एक आरोपी पीड़िता पक्ष के लोगों ने ही पकड़कर पुलिस को सौंपा पर खाकी वर्दी वाले उसे पकड़कर रखने तक में कामयाब नहीं हो पाए।
पहरा दे रहे पुलिस कर्मियों को आसानी से चकमा देकर आरोपी भाग निकला। अब तोहमत से बचने के लिए पुलिस उसके हिरासत में लिए जाने की बात से ही इंकार कर रही है। एसओ रवि कुमार का कहना है कि अभी तो उसे पकड़ने की ही कोशिश की जा रही है।
इलाके में महिला से हुई छेड़छाड़ की एक घटना में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस आरोपी युवक ननकू को पकड़ने में भी कामयाब नहीं हो पाई। बताया जाता है कि पीड़िता पक्ष के लोगों ने ही मशक्कत कर उसे पकड़ लिया था। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया गया था। शुक्रवार रात ननकू को हवालात में रखने के बजाय बाहर ही सुला दिया गया।
चकमा देकर निकला आरोपी
file photo
- फोटो : अमर उजाला
पहरे पर पुलिस कर्मी भी थे, लेकिन रात में किसी वक्त ननकू चकमा देकर वहां से निकल गया। हालांकि, थाना पुलिस ऐसी किसी भी घटना से इंकार कर रही है। वहीं, पीड़िता पक्ष के लोगों का कहना है कि ननकू के फरार होने से उन्हें जान माल की सुरक्षा का खतरा सता रहा है। महिला के जेठ और पति आरोपी की धमकी को लेकर दहशत में हैं।
यहां बता दें कि विशारतगंज इलाके के एक गांव की महिला ने बृहस्पतिवार को लुहारी के ननकू पर शौच से लौटते समय रास्ते में बुरी नीयत से दबोचने का आरोप लगाया था।
बताया गया कि महिला के परिवारवालों ने ही आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया था। सूत्रों की माने तो आरोपी के भागने के बाद पुलिस ने दबाव बनाने के लिए आरोपी के पिता से पूछताछ की। वहीं, सीओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि उनको इस बारे में कोई जानकारी नही है।