जम्मू और कश्मीर के कठुआ में 8 साल की मासूम के साथ गैंगरेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना ने एकबार फिर पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। देश की महिलाएं अपनी सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता में पड़ गईं हैं। वहीं छोटी बच्चियों के माता पिता उन्हें स्कूल भेजने से भी कतराने लगे हैं। लेकिन नाबालिगों के साथ रेप के बढ़ते अपराधों में यह मामला नया नहीं है। यह बता रही है नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट।
रिपोर्ट के अनुसार मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु में रेप के सबसे ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं। साल 2016 में यौन अपराध अधिनियम के तहत 19,765 रेप के मामले दर्ज किए गए थे। वहीं यह आंकड़ा साल 2015 में 10,854 था। यानि नाबालिगों के साथ रेप के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के कठुआ जिले में 8 साल की बच्ची से मंदिर में कई दिनों तक रेप के बाद उसकी निर्ममता से हत्या कर दी गई। इस घटना को लेकर पूरे देश में गुस्से का माहौल बना हुआ है। ऐसा ही एक मामला गुजरात के सूरत से भी सामने आया जहां 11 साल की मासूम का शव मिलने से हड़कंप मचा हुआ है। बच्ची की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि उसके साथ 8 बार
रेप किया गया। रिपोर्ट में बच्ची की मौत का कारण दम घुटना बताया गया। साथ ही उसके शरीर पर 86 से अधिक चोट के निशान भी पाए गए।