मुंबई में एक युवक ने दोस्त से खाने का बिल साझा करने के लिए कहना इतना महंगा पड़ गया कि उसे जान देकर इसकी कीमत चुकानी पड़ी। दिनेश नामक युवक ने अपने दोस्त से 10 रुपये मांगे थे। लेकिन, दस रुपये मांगने पर जीवन मोरे नामक युवक ने अपने दोस्त को कथित तौर पर इस कदर पीटा की उसकी मौत हो गई।
पवई पुलिस ने शनिवार को बताया कि मृतक दिनेश लक्ष्मण जोशी और उसका दोस्त जीवन मोरे (35) बुधवार की दोपहर उपनगरीय पवई के बंगुर्डा गांव में शराब पी रहे थे। पवई के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनिल पोफले के अनुसार इस बीच जोशी ने पास के एक होटल से दोनों के लिए खाना लेकर आया।
जोशी ने खाने का बिल बांटने के लिए अपने दोस्त से 10 रुपये मांगे, जिससे मोरे का पारा गरम हो गया। गुस्साए मोरे ने जोशी को लाठी से बुरी तरह से
पीट दिया। जोशी को काफी चोट आई और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। सीनियर इंस्पेक्टर अनिल पोफले ने बताया कि मोरे को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है।