मुंबई के छत्रपति शिवाजी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभान ने एक युवक को 1.25 करोड़ रुपये (विदेशी करेंसी) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक बुधवार सुबह की फ्लाइट से हांगकांग के लिए रफूचक्कर होने की फिराक में था। गिरफ्तार किए गए आरोपी युवक की पहचान मोहम्मद फ़राज उपलेतावाला के रूप में की गई है। युवक जेट एयरवेज की 9W76 फ्लाइट से हांगकांग के लिए जाने वाला था।
उसी दौरान जब कस्टम विभाग को कुछ शक हुआ तो उन्होंने युवक का ट्रॉली बैग और लैपटॉप बैग चेक किया तो उसके पास से 2,00,000 यूएस डॉलर, 1260 हांगकांग डॉलर और 730 चाइनीज युआन जब्त किए जो भारतीय मुद्रा में 1.25 करोड़ रुपये होते हैं। कस्टम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद हम उसके खिलाफ आगे की जांच कर रहे हैं।
आपको बता दें कि यह पहला मामला नहीं है जब कस्टम विभाग ने मुंबई एयरपोर्ट पर इतनी बड़ी रकम जब्त की है बल्कि इसके पहले पिछले महीने भी विभाग के हाथ तीन मुंबई के युवक हत्थे चढ़े थे, जिनके पास से 1.72 करोड़ रुपये (2,75,000 यूएस डॉलर) जब्त किए गए थे। वह तीनों युवक मुंबई एयरपोर्ट से दुबई के लिए उड़ान भरने वाले थे।
कस्टम विभाग को उनके सामान की चेक-इन के दौरान कॉस्मेटिक्स और खाद्य उत्पादों के 10 टिनों में छिपाई हुई करेंसी बरामद हुई थी, जबकि 3.17 लाख यूएस डॉलर उनकी जेबों से मिले थे। यह रकम पिछले एक साल में मुंबई एयरपोर्ट से जब्त की जाने वाली सबसे बड़ी रकम थी।