प्रेम विवाह के बाद दहेज के लिए उत्पीड़न करने पर विवाहिता ने मुकदमा दर्ज कराया तो पति समझौते का दबाव बनाने लगा। इस मामले में बयान दर्ज कराने के लिए रविवार को मॉडल टाउन चौकी इंचार्ज ने विवाहिता की मां को बुलाया। उसी दौरान विवाहिता का पति चाकू लेकर घर में घुस गया और उसे चाकू से ताबड़तोड़ कई वार करके गंभीर रूप से घायल कर दिया।
छोटी बहन ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी चाकू मारकर जख्मी कर दिया। अस्पताल में विवाहिता की मौत हो गई। इस मामले में परिजनों ने चौकी इंचार्ज पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल के घर के बाहर जाम लगाकर धरना-प्रदर्शन किया। वे चौकी इंचार्ज को सस्पेंड करने की मांग कर रहे थे।
बारादरी थाना क्षेत्र में संजयनगर निवासी नंद किशोर की बेटी शालिनी लोधी (20) ने करीब दो साल पहले कालीबाड़ी के राहुल से प्रेम विवाह किया था। शालिनी की मां प्रीति का आरोप है कि राहुल ने शालिनी को ब्लैकमेल करके शादी की और फिर उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। डेढ़ महीने पहले शालिनी मायके आ गई और उसने राहुल के खिलाफ उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया। इसके बाद राहुल ने मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया।
दिनदहाड़े हत्या से हड़कंप
प्रीति ने इसकी पुलिस में शिकायत की तो रविवार पूर्वाह्न 11 बजे मॉडल टाउन चौकी इंचार्ज विजय गुप्ता ने उन्हें बयान देने के लिए चौकी पर बुलाया। प्रीति जब चौकी पर बयान दर्ज करा रही थीं, तभी राहुल चाकू लेकर उनके घर में घुस गया और शालिनी पर हमला कर दिया। छोटी बहन कशिश बचाने आई तो उसे भी चाकू मारकर घायल कर दिया।
प्रीति को चौकी पर ही वारदात की सूचना मिली तो वह भागकर घर पहुंचीं, लेकिन चौकी इंचार्ज उनके साथ नहीं गया। परिजन गंभीर रूप से घायल शालिनी को जिला अस्पताल और फिर निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने चौकी इंचार्ज को सस्पेंड करने की मांग को लेकर पहले तो चौकी पर हंगामा किया फिर कालीबाड़ी में वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल के घर के सामने सड़क पर बैठकर जाम लगा दिया।
मौके पर पहुंचे एसपी सिटी अभिनंदन सिंह ने कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। शालिनी के पिता नंद किशोर की तहरीर पर थाना बारादरी में राहुल के खिलाफ हत्या और जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।