शादी के बाद ससुराल पहुंचने से पहले ही दुल्हन ने ऐसा कारनामा किया कि हर कोई हैरान रह गया। पुलिस ने जांच की तो चौंकाने वाला खुलासा।
घटना उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले की है। हरियाणा के युवक को शादी का झांसा देकर डेढ़ लाख की ठगी के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने लुटेरी दुल्हन गिरोह के लोगों की ‘कुंडली’ खंगाल कर गिरोह के सदस्यों पर शिकंजा कस दिया है।
खुलासा हुआ है कि गिरोह का सरगना अमरोहा का युवक है, जो वर्तमान में युवकों की शादी कराने का झांसा देकर ठगी करता है। हरियाणा के युवक से ठगी में आरोपी ने अपने वाहन चोर दोस्त की साली को लुटेरी दुल्हन बनाया था।
एसएसआई सिविल लाइन संजय धीर ने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि गिरोह का सरगना अमरोहा के रायपुर का रहने वाला मंसूर उर्फ सोनू है। उसकी दोस्ती पड़ोस में ही रहने वाले कासिम से है।
कासिम वाहन चोर है, उसके खिलाफ 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। आरोप है कि मंसूर ने युवकों को शादी का झांसा देकर ठगी की वारदात करने के लिए कासिम के जरिए उसकी साली गुलशन को बुलाया।
फाइल फोटो
कासिम ने गुलशन के परिजनों को बताया कि वह शादी का रिश्ता तय कराने के लिए गुलशन को 19 जनवरी को अपने साथ ले जा रहा है, लड़के पक्ष के लोग उसे देखने आ रहे हैं। परिजनों ने भी कासिम पर विश्वास कर गुलशन को उनके साथ भेज दिया।
इसके बाद कासिम ही गुलशन को अपने साथ मुरादाबाद लेकर आया और हरियाणा के युवक से ठगी करने के लिए उसे दुल्हन बनने का नाटक करने के लिए कहा। वारदात के बाद कासिम ने फोन कर गुलशन के परिजनों को बताया था कि लड़के पक्ष ने शादी से इंकार कर दिया है, गुलशन उसके ही पास रायपुर में है।
तीन दिन बाद परिजनों को गुलशन और कासिम द्वारा लुटेरी दुल्हन गिरोह में शामिल होने का पता चला। बता दें कि सोनीपत निवासी वीरेंद्र सिंह को शादी का झांसा देकर लुटेरी दुल्हन के गिरोह के सदस्यों ने डेढ़ लाख रुपये ठग लिए थे।
19 जनवरी को शादी भी करवा दी थी। शादी के बाद ससुराल जाते वक्त रास्ते में ही कार सवार गुलशन ने पेट में दर्द का बहाना बनाकर भाग गई थी। इस मामले में गुलशन, कासिम, मंसूर और कुलदीप की तलाश में पुलिस की टीम जुटी है।