एक ग्रामीण ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है कि दावत में बीफ परोसने से मना करने पर लड़के वालों ने उसकी बेटी का रिश्ता तोड़ दिया। शादी के कार्ड बंट चुके हैं। तैयारियां भी पूरी हैं। ऐसे में रिश्ता टूटने से आहत ग्रामीण ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। लड़के के पिता ने आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना है कि बेटे को बेटी पसंद नहीं आई थी। जिसकी वजह से पहले ही रिश्ते से इंकार कर दिया गया था।
घटना उत्तर प्रदेश के संभल जिले में असमोली थाना इलाके के गांव मढ़न के रहने वाले इलयास ने अपनी बेटी की शादी अमरोहा में डिडौली थाना क्षेत्र के गांव हटउआ पट्टी निवासी असलम के बेटे बब्बन खां के साथ तय की थी।
पुलिस को दी शिकायत में इलयास ने कहा है कि लड़की देखने के बाद लड़के वालों ने शादी पक्की कर दी थी। निकाह के लिए 11 मार्च 2018 तारीख तय हुई थी।
बकौल इलयास निकाह की तारीख पक्की होने के बाद उन्होंने कार्ड छपवाकर बांटना शुरू कर दिया। शादी की बाकी तैयारियां भी पूरी कर लीं। लेकिन 25 जनवरी को लड़के वालों ने शादी की दावत में मुर्गे की जगह बकरे का मीट और बीफ परोसने की शर्त रख दी।