उस मासूम से सिर्फ इतनी गलती हो गई कि वो घर के बाहर सो रही थी, इसी का फायदा उठाते हुए हवस की आग में अंधे हो चुके दरिंदों ने रुंह कंपा देने वाली इस घटना को अंजाम दिया...
इस हैवानियत का गवाह बना है यूपी के कौशाम्बी का करारी गांव, जहां सोमवार रात पहले तो दरिंदों ने घर के बाहर सो रही आठ वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण कर उससे रेप किया फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
क्या हुआ था उस रात
गांव का एक परिवार सोमवार रात घर के बाहर छप्पर के नीचे सोया था। रात लगभग दो बजे जब बच्ची की मां की नींद खुली तो बेटी को बिस्तर से गायब देख सन्न रह गई। शोर मचाने पर गांववाले भी इकट्ठे हो गए।
बच्ची की तलाश शुरू हुई। मगर रात में उसका कहीं पता नहीं लगा। मंगलवार सुबह खून से लथपथ उसकी लाश किलनहाई नदी में उतराती मिली। सूचना पर डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे।
पुलिस का क्या कहना है?
पुलिस के अनुसार सबूत मिटाने के लिए गला घोंटकर मासूम की हत्या कर शव नदी में फेंक दिया गया। जानकारी होते ही डीएम मनीष कुमार वर्मा और एसपी अशोक कुमार पांडेय कई थानों की फोर्स के साथ गांव पहुंचे।
पोस्टमार्टम में रेप की पुष्टि होते ही पुलिस सक्रिय हो गई। एसपी अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि दुराचार के बाद बालिका की हत्या की गई। अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।