उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से आईआरसीटीसी की साइट हैक करके टिकटों में हेरफेर कर रेलवे को बड़ी चोट देने वाले युवक को गिरफ्तार किया गया है। सीबीआई और रेलवे विजिलेंस टीम की छापेमारी में 12वीं के इस छात्र के कब्जे से 10 लैपटॉप, 16 एटीएम कार्ड, कई पैन कार्ड और बैंक की पास बुक मिली हैं।
कई बैंकों में 18 एकाउंट संचालित होने के रिकॉर्ड और एक खाते में 50 लाख रुपये जमा होने की जानकारी ने छापामार दल को चौंका दिया है। अभी तक की पूछताछ में उसके दो साल से इस तरह की धंधेबाजी करने और रेलवे को अब तक लाखों की चोट पहुंचाने की जानकारी मिली है।
यह छापेमारी बुधवार देर रात शहर के दक्षिण दरवाजा चौराहे के पास स्थित एक मकान में की गई। सूत्र बताते हैं कि रहस्यमय गुफा जैसे कई कमरों वाले मकान में स्थानीय पुलिस के साथ दाखिल हुई रेलवे विजिलेंस और सीबीआई की टीम ने एकाएक सारे कमरे घेरकर तलाशी शुरू की तो एक कमरे में 19 साल के युवक को कई लैपटॉप से घिरा देखकर तलाशी शुरू की तो जांच टीम चौंक गई।