मेरा रवैया कुछ ऐसा रहा है कि अगर आप मेरी किसी कमजोरी को लेकर मुझे घेरने की कोशिश करेंगे, तो मैं उसी कमजोरी को अपनी ताकत में बदल दूंगा। जानते हो यह कथन किसका है? बास्केटबॉल के सुपर स्टार माने जाने वाले माइकल जॉर्डन का। माइकल का जन्म 17 फरवरी, 1963 को ब्रुकलिन (अमेरिका) में हुआ था।
उनके पिता का नाम जेम्स और मां का नाम डेलोरिस है। जेम्स उपकरण पर्यवेक्षक (इक्विपमेंट सुपरवाइजर) थे और डेलोरिस बैंक में साहूकार थीं। जब माइकल छोटे थे, तभी उनका परिवार ब्रुकलिन से वेलिंगटन आ गया। उनके माता-पिता बहुत ही मेहनती थे। घर को हमेशा अनुशासन में चलाते थे। उन्होंने माइकल को भी हमेशा कड़ी मेहतन करने की शिक्षा दी।
पिता ने माइकल को हमेशा बताया कि जीवन में अनुशासन होना बहुत जरूरी है। जीवन में आगे बढ़ने के लिए माइकल हमेशा प्रयत्न करते थे। स्कूल में वे हमेशा बास्केटबॉल खेला करते थे। उनके अच्छे खेल की वजह से उन्हें बहुत से विश्वविद्यालयों से स्कॉलरशिप का ऑफर भी आया। मेहनत और सतत प्रयासों से वे दुनिया के मशहूर बास्केटबॉल खिलाड़ी हुए।