मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बुधवार को एयर इंडिया की फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। दरअसल मुंबई के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट एआई-634 से एक पक्षी टकरा गया।
इसकी वजह से विमान के इंजन में खराबी आ गई थी, जिसके बाद पायलट को इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया की फ्लाइट-634 ने राजा भोज एयरपोर्ट से मुंबई के लिए उड़ान भरी थी। इसमें 129 यात्री सवार थे। सभी सुरक्षित हैं। हालांकि अचानक हुई इस घटना से यात्री सहम गए थे।
बताया गया है कि पक्षी के टकराने से दाएं इंजन के विंग में खराबी आई है। इंजन में सुधार के बाद ही विमान उड़ान भर सकेगा।
एयरपोर्ट निदेशक के. गुणाशेखरन ने बताया कि तकनीकी जांच के बाद ही फ्लाइट रवाना की जाएगी। दिसंबर में भी दो बार यहां प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। उस समय एक गिद्ध प्लेन से टकराया था। तीन महीनों के भीतर यह छठा मौका है, जब यहां इमरजेंसी लैंडिंग कराना पड़ी है।