कोरोना की जांच करता एक स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : PTI
देश के कई राज्यों में ओमिक्रॉन का खतरा बढ़ रहा है। इसी बीच बुधवार को छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस संक्रमण के 33 नए मामले सामने आए, इसी के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10,07,479 हो गई। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने यह जानकारी दी कि राज्य में बुधवार को संक्रमण के कारण किसी भी मौत की सूचना नहीं मिली है। राज्य में मरने वालों की संख्या 13,595 है। छत्तीसगढ़ में सक्रिय मामलों की संख्या 293 है।
इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में वॉर रूम स्थापित
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि देश के अन्य हिस्सों में ओमिक्रॉन संस्करण के मामलों के मद्देनजर, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एक सलाह के बाद स्थिति से निपटने के लिए बुधवार को राज्य में एक वॉर रूम सक्रिय किया गया। वार रूम से कोरोना वायरस की स्थिति पर लगातार निगरानी की जाएगी। यहा कोई भी सलाह या मार्गदर्शन के लिए हेल्पलाइन नंबर 0771-2235091 पर संपर्क कर सकता है। स्वास्थ्य सेवा निदेशालय, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर में वॉर रूम स्थापित किया गया है
छत्तीसगढ़ में अब तक कोई ओमिक्रॉन का मामला नहीं
छत्तीसगढ़ में अब तक ओमिक्रॉन वैरिएंट का कोई मामला सामने नहीं आया है। लेकिन राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने राज्य भर के सभी मुख्य चिकित्सा और स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएमएचओ) को एक एडवाइजरी जारी की है।
19 जिलों में कोई ताजा मामला सामने नहीं आया है
चिकित्सा अधिकारी ने जानकारी दी कि रायगढ़ में 11 नए मामले दर्ज किए गए, इसके बाद बिलासपुर में चार और रायपुर और दुर्ग में तीन-तीन मामले दर्ज किए गए। 19 जिलों में कोई ताजा मामला सामने नहीं आया है। बुधवार को 22,279 नमूनों का परीक्षण किया गया, कुल कोरोना परीक्षण संख्या 1,47,51,876 हो गई।